मशहूर कॉमेडियन Anthony Clark का 63 साल की उम्र में निधन, डेथ सर्टिफिकेट में सामने आई मौत की चौंकाने वाली वजह
‘यस, डियर’ से मिली थी वैश्विक पहचान
एंथनी क्लार्क को सबसे अधिक लोकप्रियता टीवी सिटकॉम ‘यस, डियर’ से मिली थी। इस शो में उन्होंने ग्रेगरी थॉमस ‘ग्रेग’ वार्नर की भूमिका निभाई थी, जिसे दर्शकों ने काफी पसंद किया था। यह शो साल 2000 से 2006 तक सीबीएस (CBS) पर प्रसारित हुआ था और इसके कुल 122 एपिसोड्स के छह सीजन आए थे। शो में एंथनी के तनावग्रस्त किरदार और माइक ओ मैली के मस्तमौला अंदाज की जुगलबंदी दर्शकों के बीच काफी चर्चित रही थी।
सह-कलाकार ने दी श्रद्धांजलि
एंथनी के निधन की जानकारी उनके साथी कलाकार माइक ओ मैली ने सोशल मीडिया के माध्यम से साझा की थी। माइक ने अपने दिवंगत मित्र को याद करते हुए बताया कि नब्बे के दशक में एंथनी बोस्टन के सबसे लोकप्रिय कॉमेडियन में से एक थे और उनके शो अक्सर हाउसफुल रहते थे। माइक ने साझा किया कि वे एंथनी के बहुत बड़े प्रशंसक थे और उनके साथ काम करने से पहले ही उनकी कॉमेडी के मुरीद हो चुके थे। माइक ओ मैली ने भावुक होते हुए बताया कि उनकी एंथनी से आखिरी बार करीब तीन हफ्ते पहले फोन पर बातचीत हुई थी। उस दौरान भी एंथनी ने उन्हें खूब हंसाया था। माइक ने उन्हें एक ऐसे कलाकार के रूप में याद किया, जो अपनी ही कहानियों के मजेदार पहलुओं पर दर्शकों के साथ मिलकर हंसने की अद्भुत क्षमता रखते थे। एंथनी क्लार्क के निधन से कॉमेडी जगत ने एक ऐसा चेहरा खो दिया है, जिसने वर्षों तक अपने अभिनय और स्टैंडअप कॉमेडी से लोगों का मनोरंजन किया।