Advertisements
जमशेदपुर : मानगो की गलियों से निकलकर अंतरराष्ट्रीय सिनेमा में पहचान बनाने वाले अभिनेता आदर्श गौरव अब हॉलीवुड के एक और बड़े प्रोजेक्ट का हिस्सा बनने जा रहे हैं। वह चर्चित साइंस फिक्शन वेब सीरीज ‘एलियन : अर्थ’ के दूसरे सीजन में नजर आएंगे। इस बार उनके साथ हॉलीवुड अभिनेता पीटर डिंकलेज भी स्क्रीन साझा करेंगे, जिन्हें लोकप्रिय वेब सीरीज ‘गेम ऑफ थ्रोन्स’ में टिरियन लैनिस्टर की भूमिका से दुनिया भर में पहचान मिली। दूसरे सीजन की शूटिंग लंदन में होगी। ‘प्रभात खबर’ से बातचीत में आदर्श ने बताया कि इस प्रोजेक्ट के लिए उन्हें करीब तीन साल तक मेहनत करनी पड़ी और इस दौरान उन्होंने लगभग 250 ऑडिशन दिए। उन्होंने रिडली स्कॉट जैसे फिल्म निर्माता और अंतरराष्ट्रीय कलाकारों के साथ काम करने के अनुभव को अपने करियर का शानदार पड़ाव बताया।
Advertisements
Advertisements
रिडली स्कॉट की ‘एलियन’ फ्रेंचाइजी पर आधारित इस सीरीज की कहानी एक रहस्यमय अंतरिक्ष यान के पृथ्वी पर दुर्घटनाग्रस्त होने के बाद शुरू होती है। इसमें एक महिला और सैनिकों का समूह धरती के सामने मौजूद बड़े खतरे का सामना करता है। सीरीज का पहला सीजन 12 अगस्त 2026 को एफएक्स और हुलु पर रिलीज हुआ था। आदर्श का जमशेदपुर से जुड़ाव आज भी बरकरार है। उनकी शुरुआती पढ़ाई बिष्टुपुर के लोयोला स्कूल में हुई और उनका घर मानगो के आशियाना में है। उनके नाना-नानी गोलमुरी के केबल टाउन में रहते हैं। उनके नाना नारायण राव केबल कंपनी में अधिकारी थे। आदर्श हर साल जमशेदपुर आते हैं और यहां के युवाओं को लक्ष्य के प्रति समर्पित रहकर लगातार मेहनत करने का संदेश देते हैं। उन्होंने वर्ष 2010 में फिल्म ‘माई नेम इज खान’ से अभिनय की शुरुआत की थी, जिसमें उन्होंने शाहरुख खान के बचपन का किरदार निभाया। वर्ष 2021 में रिलीज ‘द व्हाइट टाइगर’ से उन्हें अंतरराष्ट्रीय पहचान मिली और बाफ्टा पुरस्कारों में सर्वश्रेष्ठ मुख्य अभिनेता की श्रेणी में नामांकन मिला। यह फिल्म ऑस्कर में सर्वश्रेष्ठ अंतरराष्ट्रीय फीचर फिल्म की श्रेणी में नामांकित हुई थी। वर्ष 2022 में आदर्श फोर्ब्स इंडिया की ’30 अंडर 30′ सूची में भी शामिल हुए। वह ‘खो गये हम कहां’ और ‘सुपरबॉयज ऑफ मालेगांव’ जैसी फिल्मों में भी अभिनय कर चुके हैं।