सितारों की भक्ति और भावुक पल
सत्संग के दौरान सामने आए दृश्यों में भूमि पेडनेकर पारंपरिक बैंगनी सूट में आरती करती नजर आईं। आरती के बाद, वह अन्य भक्तों के साथ जमीन पर बैठकर प्रार्थना में लीन दिखीं। वहीं, हिमेश रेशमिया अपनी पत्नी सोनिया के साथ भजनों में तल्लीन नजर आए। नील नितिन मुकेश को वहां मौजूद भक्तों के बीच प्रसाद वितरित करते हुए देखा गया।
सबसे अधिक चर्चा अभिनेत्री चाहत खन्ना की हो रही है, जो पीले रंग के सूट में आंखें मूंदकर प्रार्थना कर रही थीं। इस दौरान वह खुद को रोक नहीं पाईं और फफककर रो पड़ीं। वहीं, निजी जीवन में कठिन दौर से गुजर रहीं अभिनेत्री सेलिना जेटली भी सत्संग में शामिल हुईं। वह काफी समय से अपने पति पीटर हाग से तलाक और बच्चों की कस्टडी के कानूनी मामले को लेकर चर्चा में हैं। सेलिना को भी गुरुजी के सामने हाथ जोड़कर ध्यान मुद्रा में देखा गया।
गुरुजी के प्रति बॉलीवुड का जुड़ाव
निर्मल सिंह जी महाराज, जिन्हें ‘दुगरी वाले गुरुजी’ या ‘शुक्राना गुरुजी’ के नाम से भी जाना जाता है, के अनुयायियों की संख्या काफी बड़ी है। उनके भक्त उन्हें भगवान शिव का अवतार मानते हैं। 7 जुलाई 1952 को पंजाब के दुगरी गांव में जन्मे गुरुजी के दिल्ली-एनसीआर, पंजाब और मुंबई में लाखों अनुयायी हैं।
बॉलीवुड में गुरुजी के प्रति गहरी आस्था रखने वालों की लंबी फेहरिस्त है। इससे पहले भी हेमा मालिनी, जैकलीन फर्नांडिस और कपूर परिवार के सदस्य उनके सत्संगों में शामिल होते रहे हैं। मुंबई के इस वार्षिक महासत्संग में इनके अलावा ललित पंडित, रोहन गांडोत्रा, सोनाली सहगल, साहिल सलाथिया, पूजा चोपड़ा, राय लक्ष्मी, गुरप्रीत कौर चड्ढा, सिद्धार्थ सिबल, सरगम सिंह, रश्मि आर्या, ऋषभ साहनी और मोजेज सिंह जैसे कलाकार भी मौजूद रहे। कार्यक्रम के अंत में गुरुप्रिया नवदीप सिंह गौरव ने भक्तों के साथ उनके व्यक्तिगत अनुभव साझा किए।