एंटरटेनमेंट डेस्क,नई दिल्ली। पंचायत में एक डायलॉग ‘गजब बेइज्जती है’ से घर-घर में मशहूर हुए अभिनेता आसिफ खान की जर्नी रियलिटी शो बिग बॉस 20 (Bigg Boss 20) में काफी उतार-चढ़ाव भरी रही। जहां सलमान खान ने उन्हें उनकी टोन के लिए फटकार लगाई, तो वहीं दूसरी तरफ स्काउट ओपी से लेकर यंग डीएसए, गुल्लू और कनिका मान संग उनकी अच्छी दोस्ती देखने को मिली।
50 दिन से अधिक बिग बॉस के घर में बिताने के बाद आसिफ खान (Aasif Khan) कम वोट्स के कारण शो से एलिमिनेट हो चुके हैं। बाहर आने के बाद अभिनेता ने पत्नी को मिली धमकियों को लेकर अपना दर्द बयां किया।
इस कारण आसिफ की पत्नी को धमका रहे थे लोग
हिंदुस्तान टाइम्स की रिपोर्ट के मुताबिक, आसिफ खान ने हाल ही में को-कंटेस्टेंट लव गिल के हग वीडियो को लेकर हुई कंट्रोवर्सी पर खुलकर बात की है और साथ ही उन्होंने ये भी बताया कि जब उनकी पत्नी जेबा खान ने उन्हें डिफेंड किया तो लोगों ने उन्हें धमकाना शुरू कर दिया। अभिनेता ने कहा, “उसने (जेबा) मुझे अपने डीएम दिखाते हुए कहा कि देखो लड़के मुझे कैसे मैसेज कर रहे हैं। वो मुझे धमका रहे हैं और गालियां दे रहे हैं।”
आसिफ ने आगे कहा, “उन्होंने सिर्फ मेरी पत्नी को ही नहीं, बल्कि मेरी बहन को भी अभद्र भाषा बोली है।” बिग बॉस के एक्स कंटेस्टेंट ने सोशल मीडिया यूजर्स के डबल स्टेंडर्ड पर भी बात करते हुए कहा कि लोग लव पर आवाज ऊंची करने पर उन्हें ट्रोल कर रहे थे, लेकिन अब वह खुद उनकी पत्नी को गालियां दे रहे हैं।”
क्या थी लव गिल और आसिफ खान की कंट्रोवर्सी?
बिग बॉस 20 में लव गिल और आसिफ खान के बीच हुए विवाद के बारे में जिसको नहीं पता उन्हें बता दें कि, सलमान खान के शो के तीसरे वीक में एक नॉमिनेशन राउंड के दौरान लव गिल अचानक ही आसिफ खान के गले लगती हैं। दूसरे वीडियो में आसिफ भी उन्हें हग करते हैं। लव उनका हाथ लेकर अपने गले में डालती हैं और आसिफ उनके सिर पर प्यार से थपथपाते हैं।