बॉलीवुड सुपरस्टार रणबीर कपूर ‘रामायण ‘से बॉक्स ऑफिस पर कई बड़ी उपलब्धि हासिल कर चुके हैं. ये बिग बजट फिल्म महज 7 दिनों में उनके करियर की सबसे कमाऊ फिल्म बन चुकी है. जबकि अब ये उनकी पहली 1 हजार करोड़ रुपये कमाने वाली फिल्म भी बनने जा रही है. सात दिनों में 900 करोड़ रुपये से ज्यादा कमा चुकी फिल्म रामायण जल्द ही 1000 करोड़ क्लब में शामिल हो जाएगी.
पहले ‘एनिमल’ थी रणबीर कपूर की सबसे कमाऊ फिल्म
रणबीर कपूर बॉलीवुड में करीब दो दशक से काम कर रहे हैं. बॉलीवुड सुपरस्टार का एक्टिंग डेब्यू साल 2007 की फिल्म ‘सांवरिया’ से हुआ था. रणबीर अपने 19 साल के करियर में कई बेहतरीन फिल्मों से फैंस का दिल जीत चुके हैं. हालांकि अब तक उनकी कोई भी मूवी 1 हजार करोड़ क्लब में शामिल नहीं हुई है. उनकी सबसे कमाऊ फिल्म ‘एनिमल’ थी जो साल 2023 में आई थी. सैकनिल्क की रिपोर्ट के मुताबिक इसने दुनियाभर में 917 करोड़ रुपये कमाए थे. इस रिकॉर्ड को महज सात दिनों में ही रामायण तोड़कर आगे निकल चुकी है.
‘रामायण’ बनने जा रही रणबीर की पहली 1000 करोड़ी फिल्म
रामायण रणबीर कपूर के करियर की सबसे ज्यादा कमाई करने वाली फिल्म बन चुकी है. वहीं अब ये उनके करियर की पहली 1 हजार करोड़ी फिल्म बनने के लिए तैयार है. बता दें कि 5 नवंबर को रिलीज हुई रामायण ने पहले दिन दुनियाभर में 155 करोड़ रुपये कमाए थे. पहले दिन से लेकर सात दिनों तक हर दिन मूवी ने 100 करोड़ से ज्यादा का कारोबार किया है.
रामायण का बुधवार, 11 नवंबर को थिएटर्स में 7वां दिन था. बीते कल फिल्म ने भारत में 70.65 करोड़ रुपये की कमाई की थी. जबकि ओवरसीज में कलेक्शन 25 करोड़ रुपये रहा. अब तक रामायण का भारत में नेट कलेक्शन 511.10 करोड़ रुपये और ग्रॉस कलेक्शन 611.05 करोड़ रुपये हो चुका है. जबकि वर्ल्डवाइड ग्रॉस कलेक्शन 934.55 करोड़ रुपये पहुंच गया. रामायण को 1 हजार करोड़ी बनने के लिए करीब 66 करोड़ रुपये की और जरूरत है. उम्मीद है कि गुरुवार, 12 नवंबर को रामायण 1 हजार करोड़ क्लब में शामिल हो जाएगी.
रणबीर कपूर की 5 सबसे कमाऊ फिल्में (वर्ल्डवाइड कलेक्शन)
रामायण- 934.55 करोड़ रुपये (7 दिनों में)
एनिमल- 917.82 करोड़ रुपये
संजू- 588.50 करोड़ रुपये
ब्रह्मास्त्र- 431 करोड़ रुपये
ये जवानी है दीवानी- 319 करोड़ रुपये.