संवाद सूत्र, कुचायकोट (गोपालगंज)। कुचायकोट प्रखंड के प्रसिद्ध बेलबनवा हनुमान मंदिर परिसर में अश्लील भोजपुरी गीत पर रील बनाने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद श्रद्धालुओं में आक्रोश है।
वायरल वीडियो में दो महिलाएं मंदिर परिसर के साथ ही प्रथम तल पर बने राम दरबार के सामने अश्लील भोजपुरी गीत पर डांस करती नजर आ रही हैं।
वीडियो सामने आने के बाद श्रद्धालुओं ने मंदिर प्रबंधन से आपत्ति जताते हुए धार्मिक स्थल की मर्यादा बनाए रखने के लिए ऐसी गतिविधियों पर रोक लगाने की मांग की है।
श्रद्धालुओं का कहना है कि बेलबनवा हनुमान मंदिर क्षेत्र के लोगों की आस्था का प्रमुख केंद्र है। ऐसे धार्मिक स्थल पर आपत्तिजनक गीत पर रील बनाना श्रद्धालुओं की भावनाओं को ठेस पहुंचाने वाला है।
लोगों ने मंदिर परिसर में निगरानी बढ़ाने के साथ रील बनाने वालों के विरुद्ध आवश्यक कार्रवाई की मांग की है।
महंत का भी वायरल हुआ था वीडियो
बताया जाता है कि पिछले दिनों मंदिर के महंत बृजमोहन दास का भी कथित रूप से एक महिला के साथ नृत्य करते हुए वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था। इस मामले को लेकर मंगलवार को स्थानीय लोगों ने मंदिर परिसर में पहुंचकर विरोध दर्ज कराया था।
सूचना मिलने पर थानाध्यक्ष और बीडीओ मौके पर पहुंचे थे। अधिकारियों ने स्थानीय लोगों से मामले की जानकारी लेने के साथ महंत से भी इस संबंध में जानकारी प्राप्त की थी। अब दो महिलाओं का वीडियो वायरल होने के बाद मंदिर परिसर में रील बनाने को लेकर फिर सवाल उठ रहे हैं।
मंदिर के पुजारी विश्वविजय दास ने बताया कि दो महिलाओं द्वारा मंदिर परिसर में रील बनाने का मामला संज्ञान में आया था। इसके बाद मंदिर प्रबंध समिति की बैठक में परिसर में किसी भी तरह के वीडियो शूट और रील बनाने पर पूर्ण प्रतिबंध लगाने का निर्णय लिया गया है।
मंदिर प्रबंधन के इस निर्णय के बाद अब परिसर में रील और वीडियो शूट करने वालों पर निगरानी रखने की बात कही गई है। श्रद्धालुओं ने भी मंदिर की पवित्रता और मर्यादा बनाए रखने के लिए प्रतिबंध को सख्ती से लागू कराने की मांग की है।