डिजिटल डेस्क, मुंबई। शारदीय नवरात्र का पावन समय चल रहा है, इस समय देशभर में गरबा और डांडिया की धूम देखने को मिल रही है। इस बीच मुंबई की लाइफलाइन कही जाने वाली लोकल ट्रेन से एक दिलचस्प नजारा सामने आया है।
दरअसल, सोशल मीडिया पर एक मुंबई लोकल ट्रेन का वीडियो वायरल हो रहा है, जिसमें महिलाओं का एक समूह पारंपरिक लाल साड़ियों और परिधानों में सज-धजकर चलती ट्रेन के अंदर गरबा करता नजर आ रहा है।
घेरा बनाकर डांस करती आईं महिलाएं
वीडियो में लाल साड़ी और दूसरे पारंपरिक कपड़ों में महिलाएं गुजराती भक्ति गीत पावागढ़ वाली मने दर्शन दे पर गोल घेरे में नाचती हुई नजर आ रही हैं। घेरा बनाकर नाचती इन महिलाओं ने रोजाना के सफर को उत्सव के माहौल में बदल दिया।
गौरतलब है कि मां दुर्गा को समर्पित शारदीय नवरात्रि के दौरान देश के कई हिस्सों में खासकर गुजरात में गरबा किया जाता है। नवरात्रि के तीसरे दिन के लिए लाल रंग तय किया गया था, और वीडियो में कई महिलाएं लाल रंग के कपड़े पहने हुए दिख रही हैं।
कहां का है वीडियो?
इस बीच मुंबई लोकल ट्रेन का यह वायरल वीडियो चर्चा का विषय बना हुआ है। हालांकि, इस वीडियो की सटीक तिथि और लोकेशन की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है, लेकिन नवरात्रि के तीसरे दिन के लाल रंग के थीम में ढली इन महिलाओं के इस अनोखे जश्न ने सोशल मीडिया पर लोगों का दिल जीत लिया है।