राज्य ब्यूरो, पटना। जमुई, समस्तीपुर, बांका और किशनगंज समेत राज्य के कई जिलों में लड़कियों के साथ छेड़खानी और दुर्व्यवहार से जुड़े वायरल वीडियो मामलों को लेकर पुलिस मुख्यालय ने समेकित रिपोर्ट तैयार की है। रिपोर्ट के अनुसार, ऐसे आठ कांडों में अब तक 18 आरोपित गिरफ्तार किए जा चुके हैं, जबकि पांच नाबालिगों को निरुद्ध किया गया है।
आधा दर्जन से अधिक आरोपित अभी फरार बताए जा रहे हैं। उनकी गिरफ्तारी के लिए बिहार के अलग-अलग जिलों के साथ दूसरे राज्यों में भी छापेमारी की जा रही है। वरीय पुलिस अधिकारियों ने जांच पूरी करने के लिए 10 से 15 दिनों की समयसीमा तय की है।
जांच पूरी होते ही चार्जशीट, फिर स्पीडी ट्रायल
पुलिस मुख्यालय ने सभी मामलों की जांच जल्द पूरी कर चार्जशीट दाखिल करने का निर्देश दिया है। इसके बाद इन कांडों का स्पीडी ट्रायल कराने की तैयारी है। पुलिस का फोकस आरोपितों की गिरफ्तारी के साथ वायरल वीडियो के प्रसार को रोकने पर भी है।
अधिकारियों के अनुसार, सोशल मीडिया पर आपत्तिजनक और पहचान उजागर करने वाले वीडियो के प्रसार के मामलों में आइटी एक्ट के तहत भी कार्रवाई की जा रही है। ऐसे कंटेंट को इंटरनेट मीडिया प्लेटफार्म से हटवाने के लिए भी लगातार कार्रवाई की गई है।
521 वीडियो इंटरनेट मीडिया से हटवाए गए
पुलिस मुख्यालय की रिपोर्ट के अनुसार, अब तक अलग-अलग इंटरनेट मीडिया प्लेटफार्म से 521 वीडियो टेकडाउन कराए गए हैं। पुलिस ने ऐसे मामलों में वीडियो प्रसारित करने वाले अकाउंट और यूजर्स की भी पहचान शुरू की है।
जमुई के मामले में वीडियो वायरल किए जाने को लेकर अलग से कार्रवाई की गई है और तीन आरोपितों की गिरफ्तारी की जानकारी दी गई है। बांका के वायरल वीडियो मामले में एक्स के 49 यूजर्स और एक इंस्टाग्राम यूजर के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज की गई है।
जमुई और बांका मामलों में कई गिरफ्तारियां
जमुई में छेड़खानी से जुड़े मामले में दो प्राथमिकी दर्ज की गई हैं। मुख्य आरोपितों की गिरफ्तारी के साथ वीडियो वायरल करने के मामले में भी कार्रवाई हुई है। तीन नाबालिगों को निरुद्ध किए जाने की जानकारी पुलिस रिपोर्ट में है।
बांका के बौंसी में वायरल वीडियो मामले में तीन प्राथमिकी दर्ज की गईं। पुलिस के अनुसार, मामले में तीन आरोपित गिरफ्तार किए गए हैं। चार नाबालिगों के शामिल होने की बात सामने आई थी, जिनमें से दो को निरुद्ध किया गया है।
समस्तीपुर के दो मामलों में भी गिरफ्तारी
समस्तीपुर के मुसरीघरारी कांड में चार नामजद और तीन से चार अज्ञात लोगों के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज की गई है। पुलिस के अनुसार, यह वीडियो एक साल से अधिक पुराना है। मामले में दो आरोपितों की गिरफ्तारी हो चुकी है, जबकि अन्य की तलाश जारी है।
कर्पूरीग्राम कांड में नामजद सभी चार आरोपितों की गिरफ्तारी की जानकारी पुलिस ने दी है। पुलिस अब दोनों मामलों में फरार आरोपितों की गिरफ्तारी और साक्ष्यों को जुटाने पर काम कर रही है।
किशनगंज में चार गिरफ्तार, दो की तलाश
किशनगंज के तुलसिया हाल्ट रेलवे स्टेशन से जुड़ा वायरल वीडियो चार से पांच माह पुराना बताया गया है। पुलिस ने सात आरोपितों के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज की है। इनमें चार आरोपित गिरफ्तार किए जा चुके हैं, जबकि दो आरोपितों के राज्य से बाहर होने की जानकारी पुलिस को मिली है।
पुलिस उनकी गिरफ्तारी के लिए दूसरे राज्यों में भी तलाश कर रही है। सभी मामलों में जांच पूरी होने के बाद चार्जशीट दाखिल करने और स्पीडी ट्रायल की प्रक्रिया आगे बढ़ाई जाएगी।