Video Viral: मुरादाबाद में तेंदुओं का आतंक, आबादी से 500 मीटर दूर नलकूप की छत पर एक साथ 3 दिखे


UP News: मुरादाबाद के कांठ-ठाकुरद्वारा क्षेत्र में तेंदुओं की लगातार चहलकदमी से ग्रामीणों में दहशत बढ़ती जा रही है. शुक्रवार रात समदगढ़ उर्फ सिकंदराबाद गांव के पास एक नलकूप की कोठरी की छत पर एक साथ तीन तेंदुए दिखाई दिए. इस दौरान इलाके में तेज बारिश हो रही थी. कार से गुजर रहे कुछ ग्रामीणों ने छत पर बैठे तेंदुओं को देखा और मोबाइल से उनका वीडियो बना लिया. वीडियो सामने आने के बाद इलाके में एक बार फिर तेंदुओं की मौजूदगी को लेकर ग्रामीणों में डर का माहौल है.

आबादी से महज 500 मीटर दूर दिखे तेंदुए

ग्रामीणों के अनुसार, समदगढ़ उर्फ सिकंदराबाद गांव में आबादी से करीब 500 मीटर की दूरी पर नलकूप बना हुआ है. शुक्रवार रात इसी नलकूप की कोठरी की छत पर तीन तेंदुए एक साथ बैठे दिखाई दिए. बारिश के बीच छत पर बैठे तेंदुओं को देखकर आसपास से गुजर रहे लोगों में हलचल मच गयी.

कार रोककर बनाया वीडियो

बताया गया कि स्थानीय निवासी सहल, दिलशाद, हुजैफा और अनस कार से वहां से गुजर रहे थे. इसी दौरान उनकी नजर नलकूप की छत पर बैठे तेंदुओं पर पड़ी. उन्होंने कार रोककर मोबाइल फोन से तेंदुओं का वीडियो बनाया. इसके बाद वन विभाग को इसकी सूचना दी गयी.

कुछ देर बाद खेतों की ओर चले गये

ग्रामीणों के मुताबिक तीनों तेंदुए काफी देर तक नलकूप की कोठरी की छत पर बैठे रहे. बाद में वे वहां से उतरकर खेतों की ओर चले गये. एक साथ तीन तेंदुओं के दिखाई देने की घटना से ग्रामीणों की चिंता बढ़ गयी है, क्योंकि यह इलाका आबादी के काफी नजदीक है.

वन विभाग से गश्त बढ़ाने की मांग

कांठ-ठाकुरद्वारा क्षेत्र में पहले भी तेंदुओं की मौजूदगी की खबरें सामने आती रही हैं. ग्रामीणों का कहना है कि आबादी के आसपास तेंदुओं की लगातार चहलकदमी से लोगों को खेतों की ओर जाने में डर लग रहा है. ग्रामीणों ने वन विभाग से क्षेत्र में निगरानी और गश्त बढ़ाने के साथ तेंदुओं को पकड़ने के लिए जरूरी कदम उठाने की मांग की है.

यह भी पढ़ें: गाजियाबाद में आवारा कुत्तों का बढ़ता खौफ, आठ महीनों में 1.18 लाख से अधिक लोग बने शिकार



Source link

Related posts

Sasaram News: मारपीट का वीडियो वायरल होने पर पहुंची पुलिस, Sasaram Hindi News

वायरल वीडियो कांडों पर बिहार पुलिस का एक्शन, 18 गिरफ्तार और 5 नाबालिग निरुद्ध; 521 वीडियो कराए गए टेकडाउन

जोक्स हिंदी:गर्लफ्रेंड ने तारीफ करने पर भी कर दी बॉयफ्रेंड की कुटाई, पढ़िए वायरल चुटकुले – Boyfriend Girlfriend Funny Jokes Majedar Chutkule Viral In Hindi