Last Updated:
‘बिग बॉस 20’ के घर में एंट्री करने वाले काजी तौकीर इस वक्त सबसे ज्यादा चर्चा में हैं . यह वही सिंगर हैं जिन्होंने 2005 के शो ‘फेम गुरुकुल’ में अरिजीत सिंह को पीछे छोड़कर ट्रॉफी जीती थी . ‘बिग बॉस 20’ की शुरुआत में अपनी अतरंगी हरकतों से दर्शकों को इरिटेट करने वाले काजी अब हर किसी के फेवरिट बन गए हैं
‘बिग बॉस 20’ में इस बार कई चेहरे आए, लेकिन जिस एक नाम ने सबसे ज्यादा ध्यान खींचा वो हैं काजी तौकीर . काजी वही सिंगर हैं जिन्होंने साल 2005 के मशहूर शो ‘फेम गुरुकुल’ में आज के सुपरस्टार अरिजीत सिंह को भी पीछे छोड़ते हुए ट्रॉफी अपने नाम की थी . ‘बिग बॉस 20’ के प्रीमियर नाइट पर जहां अपनी अतरंगी हरकतों से काजी ने दर्शकों को थोड़ा इरिटेट किया और लोग हैरान थे कि वो शो में क्या कर रहे हैं, वहीं महज कुछ ही दिनों में अपने इसी अंदाज से वो फैंस के फेवरिट बन गए हैं . 20 साल बाद भी उनका वही पुराना चार्म लोगों के सिर चढ़कर बोल रहा है .
आज भले ही नई जनरेशन काजी तौकीर से अनजान हो, लेकिन एक दौर ऐसा भी था जब वह पूरे देश के सबसे बड़े स्टार बन चुके थे . बात 20 अक्टूबर 2005 की है, जब टीवी के मशहूर सिंगिंग शो ‘फेम गुरुकुल’ का ग्रैंड फिनाले हुआ था . कश्मीर के 20 साल के काजी तौकीर ने रूपरेखा बनर्जी के साथ मिलकर इस शो की ट्रॉफी अपने नाम की थी . इस जीत के साथ उन्हें 50 लाख रुपये का इनाम, सोनी म्यूजिक का कॉन्ट्रैक्ट और एक मारुति ऑल्टो कार मिली थी .
काजी की जीत से भी ज्यादा चौंकाने वाला उस वक्त का वोटिंग पैटर्न था . ‘इंडियन आइडल’ के पहले सीजन में जहां पूरे देश से करीब 3 करोड़ वोट आए थे, वहीं अकेले काजी तौकीर को ‘फेम गुरुकुल’ में लगभग 2.5 करोड़ वोट मिले थे . वह भारत के किसी भी रियलिटी शो के इतिहास में सबसे ज्यादा वोट पाने वाले कंटेस्टेंट बन गए थे . काजी के पास कोई फॉर्मल म्यूजिक ट्रेनिंग नहीं थी और वह अक्सर सुर से भटक जाते थे . इसी वजह से जजेस ने उन्हें पूरे सीजन में 10 बार ‘डेंजर जोन’ में डाला था, लेकिन हर बार जनता ने उन्हें सबसे ज्यादा वोट देकर सेफ कर दिया .
Add News18 as
Preferred Source on Google
उस दौर में चैनल के हेड तरुण कात्याल ने एक इंटरव्यू में कहा था कि वे समझ नहीं पा रहे कि इस लड़के का क्या करें, क्योंकि इसने साबित कर दिया है कि स्टारडम को कंट्रोल करने के लिए टैलेंट से भी बड़ी ताकतें मौजूद हैं . वहीं काजी ने खुद कहा था कि उनका बार-बार बचना उनकी किस्मत और लोगों का बेइंतहा प्यार है . उन्होंने कहा था कि लोग उनके लिए 6 रुपये का एसएमएस खर्च कर रहे हैं, तो जाहिर है कि उनमें कुछ तो खास बात है .
काजी की इस दीवानगी की वजह उनकी सिंगिंग से ज्यादा उनकी गजब की स्क्रीन प्रेजेंस थी . उनके लंबे बाल, उनका क्यूट सा चेहरा और हर वक्त चेहरे पर रहने वाली मुस्कान फैंस को खूब भाती थी . साल 2005 में जब रियलिटी शोज में फेक ड्रामा नहीं होता था, तब काजी की मासूमियत और उनकी कोशिशें सीधे दर्शकों के दिलों को छूती थीं . हर हफ्ते जजेस से डांट खाने के बाद भी खुद को साबित करने की उनकी जिद ने उन्हें उस वक्त का सबसे बड़ा अंडरडॉग बना दिया था .
शो खत्म होने के बाद काजी का स्टारडम तो वक्त के साथ कम हो गया, लेकिन इस शो से उन्हें अरिजीत सिंह जैसा सच्चा दोस्त मिला . ‘फेम गुरुकुल’ में काजी से हारने वाले अरिजीत सिंह आगे चलकर बॉलीवुड के सबसे बड़े सिंगर बने, लेकिन दोनों की दोस्ती 20 साल बाद भी कायम रही . काजी के ‘बिग बॉस 20’ के घर में एंट्री करते ही अरिजीत सिंह ने सोशल मीडिया पर उनका खुलकर सपोर्ट किया और लिखा कि “अपना रॉकस्टार काजी वहां है” . अरिजीत ने यह भी कहा कि वह अपनी जिंदगी में पहली बार काजी के लिए यह शो देखेंगे .
‘बिग बॉस 20’ के घर में एंट्री लेते ही काजी तौकीर को लेकर एक बार फिर चर्चाएं शुरू हो गई हैं . यंग जनरेशन के लिए भले ही वह एक अलग या थोड़े अजीब इंसान लग रहे हों, लेकिन 90 के दशक के लोगों के लिए उन्हें फिर से स्क्रीन पर देखना पुरानी यादें ताजा होने जैसा है . सोशल मीडिया पर अब पुराने फैंस नई जनरेशन को काजी के 2005 वाले स्टारडम और उस दौर के पूरे क्रेज के बारे में बता रहे हैं .
महज कुछ ही दिनों के अंदर काजी तौकीर ने खुद को इस सीजन का सबसे चर्चित कंटेस्टेंट बना दिया है . जो लोग शुरुआत में पूछ रहे थे कि यह कौन हैं, अब वही कमेंट्स में उन्हें शो का सबसे एंटरटेनिंग कंटेस्टेंट बता रहे हैं . ‘फेम गुरुकुल’ देखने वालों के लिए यह कोई नई बात नहीं है, क्योंकि लोगों का ध्यान खींचना हमेशा से काजी की सबसे बड़ी खासियत रही है .
साल 2005 में उनके बाल और डेंजर जोन से बचना चर्चा में था, तो 2026 में उनकी हरकतें सुर्खियां बटोर रही हैं . वक्त और प्लेटफॉर्म भले ही बदल गया हो, लेकिन काजी का स्टारडम आज भी कायम है .