शिवा शर्मा डेथ केस; नेपाल के भालुवांग में दिखी श्रद्धा! वायरल वीडियो को जांच में शामिल करेगी पुलिस


वायरल वीडियो श्रद्धा का बताया जा रहा है (Photo Credit; Social Media)

लखनऊ: शिवा शर्मा हत्याकांड में आरोपियों की तलाश के बीच जानकारी सामने आई है कि श्रद्धा दुबे की लास्ट लोकेशन नेपाल के दांग जिले के भालुवांग इलाके में मिली है. इसी दिशा में पुलिस की छानबीन आगे बढ़ी है. दूसरी ओर दो वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हुए हैं. दोनों वीडियो श्रद्धा दुबे के बताए जा रहे हैं. पुलिस का कहना है कि वीडियो को जांच में शामिल किया जाएगा.

पुलिस के मुताबिक, श्रद्धा दुबे और उसके साथियों की आखिरी लोकेशन मिलने के बाद नेपाल की एजेंसियों से संपर्क कर आरोपियों की तलाश तेज कर दी गई है. बताया जा रहा है कि श्रद्धा अपनी बहन रश्मि और दो अन्य साथियों के साथ नेपालगंज से आगे बढ़कर इस इलाके तक पहुंची थी. इसके बाद लोकेशन के बारे में पुलिस को जानकारी नहीं मिल सकी. पुलिस आरोपियों की गतिविधियों का पता लगाने और उनकी गिरफ्तारी के लिए नेपाल की एजेंसियों से सहयोग ले रही है.

बहराइच में टोल कटने की जानकारी

जांच के दौरान श्रद्धा से जुड़ी बताई जा रही कार का बहराइच से पुराना रिकॉर्ड सामने आया है. जानकारी के मुताबिक, 18 अक्टूबर 2025 को यह कार बहराइच में थी. नानपारा के पास चीनी मिल के निकट स्थित टोल प्लाजा पर वाहन का टोल टैक्स कटने की जानकारी पुलिस को मिली है.

पहले भी वायरल हुए थे चैट और ऑडियो

शिवा शर्मा की मौत के बाद सोशल मीडिया पर शिवा और श्रद्धा के बीच बातचीत के बताए जा रहे चैट स्क्रीनशॉट और ऑडियो भी वायरल हुए थे. इन सामग्रियों को दोनों के बीच कथित विवाद से जोड़कर देखा जा रहा है.

शिवा की मां ने पुलिस को सौंपी डायरी

शिवा की मौत के मामले में उसकी मां रंजना शर्मा ने पुलिस को एक डायरी भी सौंपी है. मां के मुताबिक, शिवा रोजाना अपने साथ होने वाली घटनाओं को डायरी में लिखता था. ऐसे में पुलिस डायरी में दर्ज जानकारियों का दूसरे साक्ष्यों से मिलान कर सकती है. शिवा की मां ने आरोप लगाया है कि उनके बेटे के साथ मारपीट करने के बाद उसे अपार्टमेंट से नीचे फेंका गया. परिवार की शिकायत पर हजरतगंज थाने में हत्या का मुकदमा दर्ज किया गया है. पुलिस अपार्टमेंट और आसपास के सीसीटीवी फुटेज, घटनास्थल से मिले साक्ष्यों और संबंधित लोगों के बयानों के आधार पर जांच कर रही है.

पोस्टमार्टम रिपोर्ट में 11 बाहरी चोटों का जिक्र

शिवा शर्मा की मौत 9 अक्टूबर को हजरतगंज क्षेत्र में बालू अड्डा के पास स्थित अवध ग्रीन अपार्टमेंट की चौथी मंजिल से गिरने के बाद हुई थी. पोस्टमार्टम रिपोर्ट में उसके शरीर पर 11 बाहरी चोटों का उल्लेख किया गया था. दोनों फेफड़ों के फटने के साथ लिवर और तिल्ली को नुकसान पहुंचने की बात भी सामने आई थी. दाहिनी तरफ की पेल्विक हड्डी में फ्रैक्चर मिला था. डॉक्टरों ने गंभीर चोटों के कारण सदमा लगने और अधिक खून बहने को मौत की वजह बताया था. हजरतगंज इंस्पेक्टर विक्रम सिंह के मुताबिक, एफआईआर और पोस्टमार्टम रिपोर्ट को केंद्र में रखकर मामले की विवेचना की जा रही है. आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही है. साथ ही कहा कि वायरल वीडियो को भी जांच में शामिल किया जाएगा.

यह भी पढ़ें: नेपाल में नाइट सूट पहने ई-रिक्शा पर सामान के साथ दिखी श्रद्धा दुबे!



Source link

Related posts

मुंबई में गरबा देख भावुक हुई विदेशी लड़की, बोली- भारत छोड़ने के बाद इन पलों को बहुत याद करूंगी – Romanian Woman Gets Emotional Watching Garba In Mumbai Video Goes Viral On Internet

लाल किले के सिक्योरिटी गार्ड का डेली रूटीन हुआ वायरल, व्लॉग बनाकर खुद बताया शेड्यूल; Video

Shahjahanpur Coaching Center Theft | CCTV Footage Viral Police Investigation