श्रद्धा कपूर इन दिनों फिल्म ‘ईठा’ की रिलीज को लेकर चर्चा में हैं, जिसमें अभी थोड़ा वक्त है. लेकिन फिल्म का ट्रेलर 30 अक्तूबर को रिलीज कर दिया गया है. इसे दर्शकों की ओर से काफी पसंद किया जा रहा है. फिल्म के ट्रेलर में श्रद्धा के काम की जमकर तारीफ की जा रही है. लोगों का कहना है कि ये फिल्म बॉक्स ऑफिस पर सारे रिकॉर्ड्स को तोड़ सकती है.
ऐसे में अब श्रद्धा कपूर ने भी बॉक्स ऑफिस रिकॉर्ड्स को लेकर बात की और बताया कि इंडस्ट्री को ऐसी ही मजबूत कहानियों की जरूरत है. उनका मानना है कि बॉक्स ऑफिस तो छोटी सोच है बल्कि इंडस्ट्री के बारे में सोचना चाहिए. चलिए बताते हैं एक्ट्रेस ने आगे क्या कहा.
श्रद्धा कपूर ने बताया 2 साल में करती हैं एक फिल्म
दरअसल, श्रद्धा कपूर ‘ईठा’ के ट्रेलर लॉन्चिंग इवेंट में पहुंची थीं. फिल्म का ट्रेलर लॉन्चिंग इवेंट मुंबई में रखा गया था और इस दौरान उनके साथ दिनेश विजन, लक्ष्मण उतेकर और रणदीप हुड्डा समेत अन्य मेंबर्स भी पहुंचे थे. इस दौरान एक्ट्रेस और बाकी टीम के सदस्यों से सवाल जवाब किया गया था. इसी बीच फिल्म की सक्सेस को लेकर बॉक्स ऑफिस रिकॉर्ड्स के बारे में सवाल किया गया तो उन्होंने कहा कि इंडस्ट्री के बारे में सोचना चाहिए.
श्रद्धा कपूर ने बॉक्स ऑफिस पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा, ‘मुझे कभी नहीं लगता कि मैंने कुछ तोड़ा है या बॉक्स ऑफिस पर कुछ किया है. मैंने कुछ नहीं किया है. जैसा की मुझे पहले पूछा गया था कि आपको अच्छी कहानियां मिलती हैं या फिर ढूंढती हैं? मुझे बस उससे मतलब होता है. इसलिए कभी-कभी दो साल में एक फिल्म आ जाती है मेरी. तो मेरा मतलब सिर्फ उससे ही रहता है और मुझे सच में ऐसा नहीं लगता है कि महिला या पुरुष प्रधान फिल्म है.’
ये बहुत छोटी सोच है…
श्रद्धा आगे कहती हैं, ‘हमारी इंडस्ट्री को अच्छी कहानियों की जरूरत है और अच्छी कहानियां बननी चाहिए. लक्ष्मण, डीनू और रणदीप के जैसे…उन्होंने क्या कमाल का काम किया है, जो फिल्म ये बनाते हैं. इस तरह की फिल्में बननी चाहिए. मुझे लगता है कि ये बहुत छोटी सोच है. हमें इंडस्ट्री के बारे में सोचना चाहिए कि हम इंडस्ट्री को आगे कैसे बढ़ा सकते हैं, जब सब ऐसा सोचेंगे तो हमारी इंडस्ट्री आगे और बड़ी हो जाएगी.’
‘ईठा’ के बारे में
बहरहाल, अगर ‘ईठा’ के बारे में बात की जाए तो इसमें महाराष्ट्र की मशहूर तमाशा कलाकार विठाबाई नारायणगांवकर की कहानी को दिखाया गया है. इसमें श्रद्धा कपूर ने उनके किरदार को प्ले किया है. एक्ट्रेस ने फिल्म के ट्रेलर लॉन्चिंग इवेंट में इसे लेकर कहा कि विठाबाई की कहानी उनकी आजी (नानी) की कहानी से मिलती है. इसलिए उन्हें इस फिल्म का हिस्सा बनकर देख उन्हें गर्व महसूस हो रहा होगा.
फिल्म में रणदीप हुड्डा भी हैं. उन्होंने मर्चेंट का रोल प्ले किया है. इस फिल्म के जरिए पहली बार श्रद्धा कपूर और रणदीप हुड्डा स्क्रीन शेयर करते हुए नजर आने वाले हैं. इसे 4 दिसंबर, 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज किया जाएगा. इसमें मोहम्मद जीशान अय्यूब, अनंत जोशी, सिद्धार्थ जाधव, अक्षरा सिंह और उल्का गुप्ता जैसे कई कलाकार भी हैं.