उत्तर प्रदेश सरकार की माध्यमिक शिक्षा राज्य मंत्री गुलाब देवी का एक अनोखा और भक्तिमय अंदाज सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रहा है. संभल जिले में आयोजित गणेश चतुर्थी कार्यक्रम के दौरान मंत्री जी राधा-कृष्ण के स्वरूपों के साथ भजनों पर झूमकर नृत्य करती हुई नजर आई हैं.
भक्ति में लीन मंत्री गुलाब देवी
दरअसल, प्रदेश सरकार की माध्यमिक शिक्षा राज्य मंत्री और चंदौसी विधानसभा से विधायक गुलाब देवी संभल जिले के मुण्डनपुर गांव में आयोजित गणेश चतुर्थी कार्यक्रम में शामिल होने पहुंची थीं. गणेश पूजन के बाद आयोजित रासलीला के दौरान मंच पर राधा-कृष्ण के स्वरूप में सजे कलाकारों ने मंत्री गुलाब देवी का हाथ पकड़कर उन्हें साथ नृत्य करने के लिए उठाया. इसके बाद मंत्री गुलाब देवी ने भक्ति में लीन होकर मंच पर ही राधा रानी के भजनों पर कलाकारों का हाथ पकड़कर जमकर नृत्य किया. इस भक्तिमय नृत्य का वीडियो अब सोशल मीडिया पर वायरल होकर चर्चा का विषय बन गया है.
रासलीला के मंच पर दिखा भक्तिमय अंदाज
मुण्डनपुर गांव में गणेश पूजन के बाद श्रद्धालुओं के लिए राधा-कृष्ण की रासलीला का आयोजन किया गया था. मंच पर जब कलाकारों ने भजनों पर नृत्य शुरू किया, तो वे प्रस्तुति देते हुए मंत्री गुलाब देवी के दाएं और बाएं बैठ गए. मंत्री जी भी बैठकर ही भजनों पर झूमने लगीं.
हाथ पकड़कर उठाया और फिर शुरू हुआ नृत्य
राधा-कृष्ण बने कलाकारों ने मंत्री गुलाब देवी को हाथ पकड़कर खड़े होने के लिए आग्रह किया. इसके बाद मंत्री जी ने बिना संकोच उनका हाथ थामा और मंच पर भक्ति में मंत्रमुग्ध होकर नृत्य करने लगीं. उनका यह अंदाज कार्यक्रम में मौजूद श्रद्धालुओं और सोशल मीडिया यूजर्स को खूब पसंद आ रहा है.
—- समाप्त —-
