समस्तीपुर में छेड़खानी का वीडियो वायरल करने पर सख्ती, रडार पर 40 से अधिक सोशल मीडिया अकाउंट


जागरण संवाददाता, समस्तीपुर। Samastipur molestation case Update:  जिले के भीतर लगातार हो रहे वीडियो प्रसारित मामले में पुलिस की रडार पर इस समय 40 से अधिक इंटरनेट मीडिया अकाउंट है।

पुलिस इन अकाउंट की निगरानी कर रही है। अकाउंट की हर एक गतिविधियों पर पैनी निगाह रख रही। लगातार बढ़ रहे वीडियो की संख्या से पुलिस हलकान है।

पूर्व में वायरल हुए वीडियो जिसमें पीड़िता का चेहरा स्पष्ट हो रहा, उन सभी अकाउंट पर कार्रवाई की तैयारी भी की जा रही।

कर्पूरीग्राम के वीडियो मामले में दो दर्जन से अधिक अकाउंट की निगरानी की जा रही है। इसमें अलग-अलग प्लेटफार्म के अकाउंट शामिल है।

उक्त वीडियो को शूट करने वाले की पुलिस ने पहचान कर ली है। वह भी नाबालिग बताया जा रहा। वहीं मामले में पुलिस अब तक पीड़िता तक अपनी पहुंच नहीं बना सकी है।

पुलिस की टीम पीड़िता से अब भी संपर्क करने के प्रयास में ही जुटी है। पीड़िता बालिग है या नाबालिग यह भी पुलिस अब तक स्पष्ट नहीं कर सकी है।

जांच में जुटी पुलिस 

पुलिस की मानें तो प्रथमदृष्टया मामला नाबालिग का ही प्रतीत हो रहा। जबकि, जेल भेजे गए बदमाशों पर एक के बाद एक कार्रवाई जारी है। पुलिस केस का कड़ी दर कड़ी जोड़ने में जुटी है।

बताया गया कि पीड़िता जिस युवक के साथ घटनास्थल पर पहुंची थी, उस बाइक नंबर के सहारे उस तक पहुंचने की जुगत लगाई जा रही। हालांकि, पुलिस को अब तक सफलता नहीं मिली है।

वहीं, मुसरीघरारी के वीडियो मामले में पुलिस ने दो आरोपित को अब तक गिरफ्तार कर लिया है। उक्त मामले में भी पुलिस की तफ्तीश जारी होने की बात कही जा रही।

इधर, कल्याणपुर वीडियो मामले में पुलिस को अब तक घटनास्थल स्पष्ट नहीं हो सका है। लगातार पुलिस टीम घटनास्थल की तलाश में जुटी है।

पटीदारी विवाद में वीडियो किया प्रसारित 

मुसरीघरारी वीडियो मामले में पुलिस ने एक और आरोपित की गिरफ्तारी की है। वह मोरवा डीह का रहने वाला रौशन है।

ब्राह्मण परिवार से आने वाले उस युवक के पिता पूजा पाठ कराने का काम करते है। मेडिकल के लिए सदर अस्पताल पहुंची पुलिस के समक्ष आरोपित ने बताया कि वह सड़क से जा रहा था।

लड़का-लड़की को घेरकर दुर्व्यवहार करते देख वह बीच-बचाव करने गया। उसने कहा कि लोगों से बीच-बचाव कर उसने कहा कि लड़का-लड़की को जाने दे। वह मामले में नाहक में ही फंस गया।

वीडियो वायरल होने के सवाल पर उसने कहा कि पटीदारी मामले में विवाद की वजह से साजिश के तहत यह पुराना वीडियो प्रसारित कर दिया गया। हालांकि, पूरे प्रकरण में शामिल लोगों से उसका कोई लेना-देना नहीं है।

विकास के घर की चाहारदीवारी कायम 

मामले में पुलिस के साथ ही प्रशासनिक स्तर से भी कार्रवाई की गई। तीन आरोपितों के घर के समीप से अस्थाई अतिक्रमण हटाया गया। जबकि, एक आरोपित विकास के घर की चारदीवारी को प्रशासन ने अवैध कब्जा बताया। उसको खाली कराने के लिए 24 घंटे का अल्टीमेटम दिया गया।

हालांकि, समय सीमा पूरा होने बाद भी चारदीवारी जस की तस है। बताया गया कि अतिक्रमण हटाने के लिए एक बार फिर नोटिस जारी किया गया है। इसमें 72 घंटे का समय दिया गया है। इस अवधि में यदि अतिक्रमण नहीं हटाए जाएंगे तो प्रशासन अपने स्तर से पुनः कार्रवाई करेगी।

वहीं, पूर्व में हटाए गए जगह अभी उसी हालात में है। उन जगहों पर भी किसी तरह की कोई हलचल नहीं दिखी। शनिवार पूरे गांव में एक अजीब-सी खामोशी रही।

सीओ आनंद शंकर ने बताया कि एक बार फिर से नोटिस जारी किया गया है। 72 घंटे का समय दिया गया है। अतिक्रमण नहीं हटाने पर आगे कार्रवाई की जाएगी।

वीडियो के मामले में पुलिस की छानबीन जारी है। इंटरनेट मीडिया पर मौजूद वीडियो जिसमें पीड़िता की पहचान उजागर हो रही, सभी को हटाए जाने का प्रयास किया जा रहा है। प्रसारित करने वालों पर भी कार्रवाई की जाएगी। इसके लिए अलग-अलग इंटरनेट मीडिया प्लेटफार्म की जांच पड़ताल की जा रही है। एक और वीडियो संज्ञान में आया है। इसमें कल्याणपुर की बात कही जा रही। हालांकि, प्रारंभिक छानबीन में घटनास्थल स्पष्ट नहीं हो सका है। सभी मामलों में पुलिस की कार्रवाई जारी है। – दुर्गेश दीपक, प्रभारी सदर वन सह साइबर डीएसपी, समस्तीपुर।



Source link

Related posts

‘न मारो बाबू, न मारो…’, कुत्तों के लिए रखी रोटियां खा लीं तो लाठी लेकर टूट पड़ा शख्स, गिड़गिड़ाती रही महिला – Viral Man Hits Old Woman For Eating Dog Food Viral Video

धागे से उंगली में फंसी अंगूठी निकालने का अनोखा तरीका हुआ वायरल, सोशल मीडिया पर छाया जुगाड़ का ये वीडियो – Desi Jugaad To Remove Ring Stuck On Your Finger Using Piece Of Thread Viral Video

किशनगंज में युवती से बदसलूकी का वीडियो वायरल, 5 युवकों पर मामला दर्ज