बॉक्स ऑफिस पर बड़ी कमाई के लिए हमेशा बड़े बजट और बड़े सितारों की जरूरत नहीं होती। कई बार छोटी फिल्म भी अपनी कहानी और दर्शकों के जुड़ाव के दम पर बड़ा कमाल कर देती है। ऐसी ही कहानी फिल्म ‘हनुमान अंश’ की नजर आ रही है। महज 2 करोड़ रुपये के बजट में बनी यह फिल्म रिलीज के 45 दिन बाद भी सिनेमाघरों में मजबूती से टिकी हुई है और लगातार अच्छी कमाई कर रही है।
विशाल चतुर्वेदी के निर्देशन में बनी ‘हनुमान अंश’ की शुरुआत बॉक्स ऑफिस पर काफी धीमी रही थी। फिल्म ने रिलीज के पहले दिन सिर्फ 10 लाख रुपये का कलेक्शन किया था। शुरुआती दो हफ्तों में भी फिल्म की कमाई की रफ्तार ज्यादा तेज नहीं रही। हालांकि, तीसरे हफ्ते के बाद फिल्म की कमाई में अचानक तेजी देखने को मिली। इसके बाद दर्शकों की संख्या बढ़ने लगी और फिल्म ने बॉक्स ऑफिस पर अपनी पकड़ मजबूत कर ली। सैकनिल्क के आंकड़ों के मुताबिक, फिल्म ने शनिवार को करीब 10 करोड़ रुपये की कमाई की थी। इसके बाद रविवार को कलेक्शन में और बढ़ोतरी देखने को मिली। रविवार को फिल्म ने लगभग 13.75 करोड़ रुपये का कारोबार किया। किसी फिल्म का रिलीज के 45वें दिन भी करोड़ों रुपये कमाना काफी खास माना जाता है। ‘हनुमान अंश’ के साथ भी यही देखने को मिल रहा है।
347 करोड़ के पार पहुंचा वर्ल्डवाइड कलेक्शन
फिल्म के अब तक के वर्ल्डवाइड कलेक्शन की बात करें तो ‘हनुमान अंश’ ने 45 दिनों में करीब 347.05 करोड़ रुपये का कारोबार कर लिया है। इसमें लगभग 26 करोड़ रुपये का ओवरसीज कलेक्शन शामिल है। वहीं, भारत में फिल्म का नेट कलेक्शन करीब 271.88 करोड़ रुपये और ग्रॉस कलेक्शन करीब 321.05 करोड़ रुपये बताया जा रहा है। ‘हनुमान अंश’ एक बायोग्राफिकल फिल्म है, जो नीम करोली बाबा की जिंदगी पर आधारित है। महज 2 करोड़ रुपये के बजट से शुरू हुई ‘हनुमान अंश’ ने अपनी कमाई से एक अलग पहचान बनाई है। रिलीज के इतने दिनों बाद भी फिल्म का अच्छा प्रदर्शन जारी रहना इसकी खास बात है।