उन्नावः उत्तर प्रदेश के उन्नाव जिले में दहेज उत्पीड़न के एक पुराने मामले में समझौते के दबाव और दारोगा पर 20 हजार रुपये मांगने का आरोप लगाने वाली महिला का वीडियो सामने आया है. दारोगा का थप्पड़ मारते वीडियो वायरल हुआ है. गंगाघाट कोतवाली क्षेत्र के कृष्णा नगर निवासी महिला रेनू कश्यप ने दरोगा विद्यासागर शुक्ला पर घर में घुसकर रुपये मांगने, गाली-गलौज करने और विरोध करने पर मारपीट करने का आरोप लगाया है. महिला का दावा है कि घटना के दौरान उसकी सास के साथ भी मारपीट की गई और वीडियो बनाने की कोशिश करने पर मोबाइल फोन तोड़ दिया गया और उसके थप्पड़ मारा गया.
दारोगा ने महिला को मारा थप्पड़.
दहेज उत्पीड़न मामले में पुलिस वालों ने मांगा घूस
महिला रेनू कश्यप के मुताबिक उनकी ननद का दहेज उत्पीड़न का मुकदमा पिछले चार से पांच वर्षों से चल रहा है. आरोप है कि इस मामले को वापस लेने के लिए ससुराल पक्ष की ओर से दबाव बनाया जा रहा था. केस वापस नहीं लेने पर झूठे मुकदमे में फंसाने की धमकी दी जा रही थी. महिला का आरोप है कि इसी विवाद के बीच उनके परिवार के खिलाफ भी मुकदमा दर्ज कराया गया, जिसमें उनकी सास, ससुर, देवर और पति के नाम शामिल हैं.
पुलिसकर्मियों पर 20 हजार रुपये घूस मांगने का आरोप
महिला का आरोप है की सात अक्टूबर को पुलिसकर्मी उनके घर पहुंचे. उन्होंने गेट खुलवाकर घर में प्रवेश किया. रेनू ने कहा की पुलिसकर्मियों से वारंट दिखाने को कहा और घर में महिला कांस्टेबल नहीं होने की बात उठाई. आरोप है कि इस पर पुलिसकर्मी उन्हें धक्का देकर घर में घुस गए. इसके बाद कमरे में जाकर तलाशी लेने लगे, जहां उनके पति खाना खा रहे थे. रेनू का आरोप है कि पुलिसकर्मियों ने उनसे पूछा कि रुपये तैयार हुए या नहीं. रुपये का इंतजाम नहीं होने की बात कहने पर गाली-गलौज की गई. महिला ने दरोगा विद्यासागर शुक्ला पर 20 हजार रुपये मांगने का आरोप लगाया है.
एसपी को भी दिया शिकायत पत्र
उनका कहना है कि 20 हजार रुपये का इंतजाम नहीं हो पाने के कारण वह पुलिसकर्मियों को पैसे नहीं दे सकीं. महिला रेनू के मुताबिक थाने में शिकायत दी और तीन बार चक्कर लगाए. एसपी को भी प्रार्थना पत्र दिया तथा आईजीआरएस पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराई. इसके बावजूद कार्रवाई नहीं होने का दावा किया है. अब रविवार को दरोगा द्वारा महिला को थप्पड़ मारने का वीडियो सामने आने के बाद मामला चर्चा में है.