चलती ट्रेन के AC कोच में यात्री आराम से सफर कर रहे थे, तभी बर्थ के बीच फर्श पर अचानक लंबा सांप नजर आया। सांप को अपने पैरों के पास देखकर यात्रियों में दहशत फैल गई और एक यात्री ने पूरी घटना का वीडियो रिकॉर्ड कर लिया।
हाइलाइट्स
- AC कोच में बर्थ के बीच फर्श पर अचानक दिखाई दिया लंबा सांप
- पैरों को ऊपर समेटकर बैठे रहे यात्री, VIDEO हुआ वायरल
- गोंदिया-बरौनी एक्सप्रेस का बताया जा रहा है वीडियो

सांप को अचानक अपने पास देखकर यात्रियों के बीच अफरा-तफरी जैसा माहौल बन गया। वीडियो बनाने वाला यात्री अपनी लोअर बर्थ पर पैर समेटकर बैठा नजर आ रहा है, जबकि आसपास मौजूद लोग सांप को लेकर आपस में चर्चा करते सुनाई दे रहे हैं।
पैरों के नीचे सांप देखकर उड़े होश
जानकारी अनुसार शहडोल के यात्री रविंद्र ने अपनी बर्थ से इस पूरे घटनाक्रम का वीडियो बनाया। वीडियो में सांप बर्थ के बीच फर्श पर नजर आता है। यात्रियों ने उससे दूरी बनाए रखी और कोई उसके पास जाने की कोशिश नहीं करता दिखा।
वीडियो में कुछ लोग सांप को बेहद जहरीला बता रहे हैं और उसकी पहचान को लेकर अलग-अलग बातें करते सुनाई दे रहे हैं। हालांकि, वीडियो के आधार पर सांप की प्रजाति या उसके जहरीले होने की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है।
सोशल मीडिया पर वायरल हुआ वीडियो
शहडोल जिले के निवासी बताए जा रहे रविंद्र ने वीडियो सोशल मीडिया पर शेयर किया। इसके बाद वीडियो तेजी से वायरल होने लगा। मध्य प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी ने भी इस वीडियो को सोशल मीडिया पर शेयर किया है। वीडियो सामने आने के बाद ट्रेन में यात्रियों की सुरक्षा और कोच में सांप के पहुंचने को लेकर सवाल उठ रहे हैं।
जंगल खुलते ही बदल गई Wildlife Story…एमपी में 56 के कुनबे के बाद अब 3 जंगलों में दौड़ेंगे चीते! अगला मिशन तैयार, वन पर्यटन की बदल सकती है तस्वीर
गोंदिया-बरौनी एक्सप्रेस का बताया जा रहा वीडियो
वायरल पोस्ट के मुताबिक, यह वीडियो गोंदिया-बरौनी एक्सप्रेस का बताया जा रहा है। यह ट्रेन महाराष्ट्र के गोंदिया जंक्शन से बिहार के बरौनी जंक्शन के बीच चलती है।

