संवाद सहयोग, दनकौर (ग्रेटर नोएडा)। ग्रेटर नोएडा में कोतवाली क्षेत्र में गाड़ियों के काफिले के साथ खतरनाक स्टंटबाजी के तीन वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे हैं।
वायरल वीडियो में कुछ हुड़दंगी युवक गाड़ी को डांस कराते दिख रहे हैं, जबकि अधिकांश युवक गाड़ियों के शीशों से आधे बाहर निकलकर नाचते दिख रहे हैं। युवकों द्वारा यातायात नियमों की जमकर धज्जियां उड़ाते हुए राहगीरों की जान को भी जोखिम में डाला गया है।
सोशल मीडिया पर वायरल
वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस जांच में जुट गई है। मिली जानकारी अनुसार, वायरल वीडियो बुधवार का बताया जा रहा है, जो शनिवार को सोशल मीडिया पर वायरल हुआ।
हुड़दंग मचाते हुए स्टंटबाजी
बताया जा रहा है कि किसी व्यक्ति के स्वागत के लिए गाड़ियों का काफिला क्षेत्र के कनारसी गांव से निकला और सलेमपुर गुर्जर गांव तक जमकर हुड़दंग मचाते हुए स्टंटबाजी की गई। स्टंटबाजी का वीडियो सामने आने के बाद पुलिस जांच में जुट गई है।
