Ghaziabad News: गाजियाबाद के डासना में एसडीजीआई ग्लोबल यूनिवर्सिटी का वीडियो वायरल होने से संस्थान की छवि प्रभावित हुई है। मुख्य सुरक्षा अधिकारी अशोक कुमार शर्मा की शिकायत पर पुलिस ने अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। वीडियो में संस्थान के छात्रों पर प्रतिकूल असर डालने वाली बातें कही गई हैं।

Ghaziabad News: गाजियाबाद, योगेन्द्र सागर। डासना स्थित एसडीजीआई ग्लोबल यूनिवर्सिटी का वीडियो वायरल कर संस्थान की छवि धूमिल करने का मामला सामने आया है। विश्वविद्यालय के मुख्य सुरक्षा अधिकारी kr शिकायत पर वेव सिटी पुलिस ने अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। शिकायत के अनुसार, वायरल वीडियो में विश्वविद्यालय के बारे में ऐसी बातें कही गईं, जिनसे छात्रों के बीच संस्थान की छवि प्रभावित होने और दाखिले पर असर पड़ने की आशंका है। शिकायतकर्ता अशोक कुमार शर्मा ने वेव सिटी थाने में शिकायत देकर बताया कि वह डासना स्थित एसडीजीआई ग्लोबल यूनिवर्सिटी में मुख्य सुरक्षा अधिकारी द्वितीय के पद पर कार्यरत हैं।
एक व्यक्ति ने विश्वविद्यालय से संबंधित वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल किया। वीडियो में संस्थान की स्थिति को लेकर टिप्पणी करने के साथ पुराने छात्रों के एडमिशन वापस लेने और नए छात्रों के दाखिला नहीं लेने की बात कही गई है। शिकायतकर्ता का आरोप है कि इस तरह की सामग्री प्रसारित होने से विश्वविद्यालय की प्रतिष्ठा को नुकसान पहुंच रहा है और छात्र-छात्राओं पर भी इसका प्रतिकूल प्रभाव पड़ सकता है। अशोक कुमार शर्मा के मुताबिक वीडियो वायरल करने वाले व्यक्ति की पहचान से संबंधित कुछ जानकारी भी सामने आई है। वीडियो से जुड़े मोबाइल नंबर के साथ रोहन कुमार वर्मा नाम प्रदर्शित हो रहा था। मुख्य सुरक्षा अधिकारी ने इस मामले को गंभीर बताते हुए कानूनी कार्रवाई की मांग की।अशोक कुमार शर्मा के मुताबिक, उन्होंने इस संबंध में 11 सितंबर 2026 को ऑनलाइन एफआईआर दर्ज कराने के लिए शिकायत दी थी। आरोप है कि मामला क्षेत्राधिकार यानी सीमा विवाद के कारण करीब 23 दिन तक उलझा रहा। इसके बाद उन्हें दोबारा वेव सिटी थाने पहुंचकर शिकायत देनी पड़ी। शिकायतकर्ता ने पुलिस से आईटी अधिनियम के तहत कार्रवाई करने की मांग की। एसीपी वेव सिटी प्रियाश्री पाल का कहना है कि शिकायत के आधार पर चार अक्तूबर को अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। आरोपी को चिन्हित कर उसके खिलाफ विधिक कार्रवाई की जाएगी।

