मध्य प्रदेश के चंबल अंचल के मुरैना जिले से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है. 60 हजार रुपये का इनामी डकैत कल्ली गुर्जर इन दिनों पुलिस और प्रशासन के लिए सिरदर्द बना हुआ है. ग्वालियर, मुरैना और पड़ोसी राज्य राजस्थान की पुलिस संयुक्त रूप से जंगलों और बीहड़ों में उसकी तलाश के लिए कॉम्बिंग ऑपरेशन चला रही है. इस बीच सोशल मीडिया पर एक वीडियो सामने आया है, जिसमें दावा किया जा रहा है कि इनामी डकैत कल्ली गुर्जर खुलेआम मुरैना के महेश्वरा मंदिर पहुंच गया और वहां से अपने विरोधी को चुनौती देते हुए वीडियो वायरल कर दिया.
दरअसल, कुछ दिन पहले ‘करुआ’ नामक एक युवक ने महेश्वरा मंदिर परिसर में पहुंचकर डकैत कल्ली गुर्जर को खुली चुनौती दी थी और उसे मंदिर आने का चैलेंज दिया था. अब सोशल मीडिया पर जो नया वीडियो सामने आया है, उसे इसी चुनौती से जोड़कर देखा जा रहा है.
दावा किया जा रहा है कि कल्ली गुर्जर उस चुनौती को स्वीकार करते हुए महेश्वरा मंदिर तक जा पहुंचा. उसने वहां फोन पर करुआ को अपशब्द कहे और गाली-गलौज करते हुए अपना वीडियो रिकॉर्ड कर लिया, जिसे बाद में सोशल मीडिया पर प्रसारित कर दिया गया. हालांकि, इस वायरल वीडियो की सत्यता, उसके शूट किए जाने के समय और उसमें दिखाई दे रहे व्यक्ति की आधिकारिक पुष्टि होना अभी बाकी है.
एक तरफ जहां पुलिस और स्पेशल टीमें डकैत को दबोचने के लिए जंगलों और पहाड़ों में दिन-रात सर्चिंग कर रही हैं, वहीं दूसरी तरफ मंदिर पहुंचकर वीडियो बनाने के इस दावे ने पुलिस सुरक्षा और खुफिया तंत्र की पोल खोल दी है.
यदि वायरल वीडियो में किए जा रहे दावे सच साबित होते हैं, तो यह पुलिस के लिए गंभीर चिंता का विषय है कि भारी पुलिस बल और इनामी बदमाशों की धरपकड़ के दावों के बीच एक कुख्यात आरोपी आसानी से धार्मिक स्थल तक पहुंचकर वीडियो कैसे बना सकता है.
फिलहाल इस मामले में पुलिस अधिकारियों की ओर से कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है, लेकिन इलाके में इस घटना के बाद से हड़कंप जरूर मच गया है.
—- समाप्त —-
