20 नवंबर 2026 को बॉक्स ऑफिस पर एक दिलचस्प मुकाबला देखने को मिल सकता है. भाई-बहन सनी देओल और ईशा देओल की फिल्में एक ही दिन सिनेमाघरों में रिलीज होने जा रही हैं. जहां सनी देओल क्राइम थ्रिलर ‘सूर्या: अंत से आरंभ तक’ में नजर आएंगे.
वहीं ईशा देओल फिल्म ‘प्रताप’ के साथ बड़े पर्दे पर वापसी करने जा रही हैं. खास बात ये है कि ‘प्रताप’ में अमित साध मुख्य भूमिका में एक एनकाउंटर स्पेशलिस्ट का किरदार निभा रहे हैं.
‘प्रताप’ से लंबे टाइम के बाद वापसी कर रही ईशा देओल
सचिन सराफ के निर्देशन में बनी ‘प्रताप’ को यूवी फिल्म्स के बैनर तले प्रदीप रंगवानी ने प्रोड्यूस किया है. फिल्म में अमित साध, ईशा देओल, सीमा बिस्वास, मिलिंद गुणाजी और तिग्मांशु धूलिया अहम भूमिकाओं में नजर आएंगे.
अमित साध फिल्म में एक सम्मानित मुंबई एनकाउंटर स्पेशलिस्ट की भूमिका निभा रहे हैं. फिल्म के पहले लुक से एक गंभीर और दमदार कहानी की झलक मिलती है. वहीं, ईशा देओल के लिए ये फिल्म लंबे समय बाद सिनेमाघरों में वापसी का एक अहम पड़ाव है.
सनी देओल का ‘सूर्या’ में दिखेगा दमदार अवतार
दूसरी ओर, सनी देओल अपनी फिल्म ‘सूर्या: अंत से आरंभ तक’ में अपने दमदार और इंटेंस अंदाज में नजर आएंगे. हाल ही में अभिनेता ने फिल्म का पहला लुक और मोशन पोस्टर जारी किया, जिसमें उनका रफ एंड टफ अवतार देखने को मिला.
एम. पद्मकुमार के निर्देशन में बनी यह क्राइम थ्रिलर छिपे हुए राज, अनसुलझे सवालों और न्याय की तलाश के इर्द-गिर्द घूमती है. कमल मुकुट द्वारा प्रस्तुत इस फिल्म को दीपक मुकुट, हेमंत मुकुट और लोकेश मुकुट ने प्रोड्यूस किया है. फिल्म में रवि किशन और प्रज्ञा जायसवाल भी अहम भूमिकाओं में नजर आएंगे.
20 नवंबर को होगा क्लैश
दोनों फिल्मों की 20 नवंबर को सिनेमाघरों में रिलीज होगीं. दोनों भाई-बहन के बीच बॉक्स ऑफिस कड़ा मुकाबला देखने को मिलने वाला है. दोनों फिल्मों की कहानी और अंदाज अलग-अलग हैं, ऐसे में दर्शकों को एक ही दिन दो अलग तरह की फिल्में देखने का विकल्प मिलेगा.
