रियालिटी शो ‘बिग बॉस 20’ के पहले ‘वीकेंड का वार’ एपिसोड में जबरदस्त ड्रामा, मनोरंजन और इमोशनल मोमेंट्स देखने को मिले। इस हफ्ते जिस कंटेस्टेंट ने न सिर्फ दर्शकों का बल्कि शो के होस्ट और बॉलीवुड सुपरस्टार सलमान खान का दिल जीता, वह कोई और नहीं बल्कि ‘फेम गुरुकुल’ के विनर रहे काजी तौकीर हैं।
अपने बिंदास अंदाज, बेबाक ऊर्जा और मजेदार हरकतों से पहले ही हफ्ते में घर के सबसे चर्चित सदस्य बने काजी को सलमान खान से जबरदस्त तारीफ मिली। एपिसोड की शुरुआत में ही सलमान खान ने काजी तौकीर की ऊर्जा और घर में उनकी मौजूदगी की सराहना की।
काजी के सिग्नेचर स्टाइल की तारीफ करते हुए सलमान ने मुस्कुराते हुए कहा, इस घर में कितने भी स्टार्स आ जाएं, लेकिन असली रॉकस्टार तो एक ही है—काजी तौकीर! पूरे हफ्ते तुम अपने ओउव वाले अंदाज में घूम रहे थे। मुझे भी सिखा दो ना… I am a rockstar baby!” सलमान की यह बात सुनते ही पूरा घर तालियों और ठहाकों से गूंज उठा।
एक्टिविटी रूम में सजा काजी तौकीर का स्पेशल कॉन्सर्ट
सलमान खान ने न सिर्फ काजी के बर्ताव की तारीफ की, बल्कि बिग बॉस की तरफ से उन्हें एक खास सरप्राइज भी दिया। बिग बॉस ने घर के एक्टिविटी रूम को एक लाइव कॉन्सर्ट स्टेज में बदल दिया, जहां काजी ने अपने सह-प्रतियोगियों के सामने अपनी गायकी का जलवा बिखेरा। इस दौरान पूरा घर काजी के गानों पर थिरकता नजर आया।
बॉबी देओल और जॉन ट्रैवोल्टा से की संघर्ष की तुलना
माहौल तब बेहद भावुक हो गया जब सलमान खान ने काजी तौकीर के 20 सालों के लंबे संघर्ष और उनके धैर्य की बात की। 2005 में ‘फेम गुरुकुल’ जीतने के बाद भी काजी को इंडस्ट्री में अपनी पहचान बनाए रखने के लिए भारी संघर्ष करना पड़ा था।
सलमान खान ने उनके इसी जज्बे की तुलना हॉलीवुड और बॉलीवुड के दिग्गजों से की। सलमान ने कहा, जॉन ट्रैवोल्टा को 20 साल तक काम नहीं मिला था, लेकिन उन्होंने कभी हार नहीं मानी। बॉबी देओल ने भी सुपरहिट फिल्में देने के बाद एक बहुत मुश्किल दौर देखा, लेकिन उन्होंने वापसी की। ठीक उसी तरह काजी ने भी 20 सालों तक अपनी हिम्मत बनाए रखी और आज वह यहां इस मुकाम पर खड़े हैं।
सलमान खान के ये शब्द सुनकर काजी तौकीर अपने आंसू रोक नहीं पाए और मंच पर ही भावुक हो गए। उन्होंने अपनी मेहनत को स्वीकार करने के लिए सलमान खान का शुक्रिया अदा किया।
‘फेम गुरुकुल’ से बिग बॉस तक का काजी का सफर
साल 2005 में बिना किसी औपचारिक म्यूजिक ट्रेनिंग के काजी तौकीर ने भारत के पहले म्यूजिक रियलिटी शो ‘फेम गुरुकुल’ में हिस्सा लिया था। जनता के भारी वोटों के दम पर उन्होंने रूपरेखा बनर्जी के साथ मिलकर इस शो की ट्रॉफी अपने नाम की थी। इसके बाद उनका एक म्यूजिक एलबम भी रिलीज हुआ था।
संगीत के साथ-साथ काजी ने अभिनय में भी कदम रखने की कोशिश की थी। अपनी डेब्यू फिल्म ‘टेक ऑफ’ के लिए गणेश आचार्य स्टूडियो में स्टंट और डांस रिहर्सल करते वक्त वह एक हादसे का शिकार हो गए थे, जिसमें उनकी गर्दन में गंभीर चोट आई थी। तमाम उतार-चढ़ाव और चोटों से उबरकर अब काजी तौकीर बिग बॉस 20 के घर में अपनी नई पारी खेलने के लिए पूरी तरह तैयार हैं।
