जमुई में उगते सूर्य को अर्घ्य अर्पित करने के साथ सोमवार की सुबह लोक आस्था और सूर्य उपासना का चार दिवसीय महापर्व छठ संपन्न हो गया। अंतिम दिन जमुई जिले के विभिन्न छठ घाटों पर अहले सुबह से ही श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी।
.
अंधेरा रहते ही व्रती और उनके परिजन पूजा सामग्री लेकर घाटों पर पहुंचने लगे थे। देखते ही देखते नदी, तालाब और जलाशयों के किनारे आस्था का जनसैलाब उमड़ पड़ा। घाटों पर छठी मैया के पारंपरिक गीतों और भगवान सूर्य के जयकारों से पूरा वातावरण भक्तिमय बना रहा।
व्रतियों ने घाटों पर पहुंचकर पूरे विधि-विधान से छठी मैया और भगवान सूर्य की पूजा-अर्चना की। जैसे ही पूर्व दिशा में सूर्य की लालिमा दिखाई देने लगी, श्रद्धालु अर्घ्य देने की तैयारी में जुट गए।
सूर्य के उदित होते ही व्रतियों ने जल और दूध से भगवान भास्कर को अर्घ्य अर्पित किया। इस दौरान उन्होंने परिवार की सुख-समृद्धि, आरोग्य और खुशहाली की कामना की। अर्घ्य के बाद व्रतियों ने पारण कर 36 घंटे का निर्जला उपवास पूरा किया।


घाटों पर दिखा आस्था और भक्ति का नजारा
छठ के अंतिम दिन घाटों पर व्रतियों और उनके परिजनों की भीड़ लगातार बढ़ती रही। पारंपरिक सूप और दउरा में ठेकुआ, फल, नारियल, गन्ना सहित अन्य पूजन सामग्री सजाकर श्रद्धालु घाट पहुंचे थे।
नदी और तालाबों के किनारे परिवार के सदस्य पूजा की तैयारियों में जुटे रहे। अर्घ्य के दौरान छठी मैया के गीतों और जयकारों से माहौल पूरी तरह भक्तिमय हो गया।
रविवार शाम अस्ताचलगामी सूर्य को दिया था अर्घ्य
इससे पहले रविवार शाम छठ महापर्व के तीसरे दिन व्रतियों ने अस्ताचलगामी सूर्य को पहला अर्घ्य अर्पित किया था। इसके लिए दोपहर बाद से ही घाटों पर श्रद्धालुओं के पहुंचने का सिलसिला शुरू हो गया था।
व्रती पारंपरिक सूप और दउरा में ठेकुआ, फल, नारियल, गन्ना और अन्य पूजन सामग्री लेकर घाट पहुंचे थे। डूबते सूर्य को अर्घ्य देने के दौरान भी घाटों पर आस्था और भक्ति का अद्भुत नजारा देखने को मिला।
नहाय-खाय से शुरू हुआ था चार दिवसीय महापर्व
चार दिनों तक चलने वाले छठ महापर्व की शुरुआत नहाय-खाय से हुई थी। दूसरे दिन खरना के बाद व्रतियों ने 36 घंटे का निर्जला उपवास शुरू किया। तीसरे दिन रविवार शाम अस्ताचलगामी सूर्य को अर्घ्य दिया गया, जबकि चौथे और अंतिम दिन सोमवार सुबह उदीयमान सूर्य को अर्घ्य अर्पित किया गया।
इसके साथ ही व्रतियों ने पारण कर अपना उपवास पूरा किया। इसी के साथ जिले में लोक आस्था का महापर्व छठ श्रद्धा, भक्ति और उल्लास के साथ संपन्न हो गया।
