Viral Video: पंजाब के लुधियाना में MG कंपनी की Windsor EV कार अपने आप लॉक होकर बिना ड्राइवर के चलने लगी. सड़क किनारे खड़े कार मालिक ने जब यह देखा तो उसने तुरंत कार को रोकने की कोशिश की, लेकिन दरवाजे नहीं खुले. फिर उसने गाड़ी के आगे चलकर लोगों को रास्ते से हटाना शुरू किया, ताकि कोई इस अनकंट्रोल्ड कार की चपेट में आकर घायल ना हो. कुछ दूरी पर जाकर यह कार पेड़ के पास बैठे दुकानदार के सामान से जा टकराई और फिर वहीं फंसकर रुक गई. हालांकि गाड़ी के टायर टक्कर के बाद तेज स्पीड में घूमने लगे, लेकिन पेड़ ने कार को आगे बढ़ने नहीं दिया.
‘पावर बटन दबाया, फिर भी बंद नहीं हुई कार’
इस पूरी घटना का वीडियो इस वक्त सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर वायरल हो रहा है, जिसे कार के मालिक ने ही अपने फोन से बनाया है. 4 मिनट 39 सेकंड के इस वीडियो में कार को बिना ड्राइवर के चलते हुए और पेड़ से टकराते हुए साफ देखा जा सकता है. PB10HA0345 नंबर की इस कार को रोकने के लिए मौके पर मौजूद लोगों ने ड्राइवर साइड का शीशा भी तोड़ दिया, लेकिन पावर बटन दबाने पर भी कार बंद नहीं हुई और उसकी स्क्रीन लगातार ऑफ दिखती रही. कार के मालिक ने कहा कि ये ऑटोमैटिक कार है, इस वजह से समझ ही नहीं आ रहा कि ये बंद कैसे होगी.
‘गाड़ी का पार्किंग मोड ऑन किए बिना उतर गया ड्राइवर?’
हालांकि वीडियो के लास्ट में एक शख्स को यह कहते हुए भी सुना जा रहा है कि ड्राइवर ने कार को पार्किंग मोड में नहीं डाला था. उसमें गेयर लगा हुआ था, इसीलिए वो आगे चलती चली गई. आखिर में जब ड्राइवर ने ब्रेक को वापस दबाया तो स्क्रीन में कुछ हरकत हुई. इसके बाद लोगों की आवाज आई कि ये बेवकूफ बनाने की कोशिश कर रहा है. बहरहाल, वजह चाहे कुछ भी रही हो, लेकिन बिना ड्राइवर के चलने वाली सफेद रंग की यह कार सोशल मीडिया पर छाई हुई है.
जितनी ज्यादा टेक्नोलॉजी उतनी ज्यादा आफ़त..
लुधियाना में MG कंपनी की Windsor EV अपने आप लॉक होकर बिना चालक के चल पड़ी…
गाड़ी पर चालक का कोई कंट्रोल नहीं रहा… pic.twitter.com/BdiWrTje5D
— 😊 NiTu 😊 (@NituTiw81600052) September 15, 2026
सोशल मीडिया पर जमकर प्रतिक्रियाएं दे रहे लोग
इस वीडियो को देखने के बाद लोग अलग-अलग प्रतिक्रियाएं दे रहे हैं.
एक यूजर ने लिखा, ‘टेक्नोलॉजी के अपने फायदे और नुकसान दोनों होते हैं. जब सब कुछ सॉफ्टवेयर पर अपडेट होगा तो गाड़ियां तो रोबोट की तरह काम करेंगे ही.’
दूसरे यूजर ने लिखा, ‘वीडियो बनाने के बजाय ड्राइवर को खुद से शीशा तोड़कर कार को कंट्रोल करने की कोशिश करनी चाहिए थी. अगर किसी की जान चली जाती तो नुकसान और भी ज़्यादा होता.’
तीसरे यूजर ने लिखा, ‘ऐसा लगता है गाड़ी का ऑटो ड्राइवर मोड ऑन हो गया था.’
चौथे यूजर ने इस वीडियो को देखने के बाद लोगों से पूछा है कि अब आप इलेक्ट्रिक गाड़ियों पर कितना भरोसा कर सकते हैं?
ये भी पढ़ें:- ‘बीकाजी आलू भुजिया के पैकेट में निकली छिपकली’, फोटो देखकर कस्टमर से लोग बोले- तुकाराम मुंढे से शिकायत कर दो
