बॉलीवुड एक्टर विजय वर्मा इन दिनों अपनी फिल्मों के साथ-साथ निजी जिंदगी को लेकर भी चर्चा में हैं। तमन्ना भाटिया से रिश्ता खत्म होने के बाद अब उनका नाम एक नई एक्ट्रेस और सिंगर के साथ जोड़ा जा रहा है। हाल ही में मुंबई में ‘लस्ट स्टोरीज 3’ की स्क्रीनिंग के दौरान विजय वर्मा को आलिया कुरैशी के साथ स्पॉट किया गया। दोनों एक ही इवेंट में साथ नजर आए, जिसके बाद एक बार फिर उनके डेटिंग की खबरों ने जोर पकड़ लिया है। हालांकि, विजय या आलिया में से किसी ने भी अपने रिश्ते को लेकर आधिकारिक तौर पर कुछ नहीं कहा है।
आलिया कुरैशी के साथ फिर दिखे विजय
मुंबई में ‘लस्ट स्टोरीज 3’ की स्क्रीनिंग के दौरान विजय वर्मा और आलिया कुरैशी की मौजूदगी ने पैपराजी और सोशल मीडिया का ध्यान खींचा। दोनों को इवेंट में साथ देखा गया। यह पहली बार नहीं है जब विजय और आलिया की साथ में तस्वीरें या वीडियो सामने आए हैं। इससे पहले भी दोनों को मुंबई में एक साथ स्पॉट किया जा चुका है। हालांकि दोनों की तरफ से रिश्ते को लेकर किसी तरह की पुष्टि नहीं हुई है, लेकिन लगातार साथ नजर आने के बाद सोशल मीडिया पर उनके रिलेशनशिप को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं। ऐसे में फैंस यह जानने में दिलचस्पी ले रहे हैं कि आखिर आलिया कुरैशी कौन हैं और विजय वर्मा के साथ उनका क्या कनेक्शन है।
यहां देखें वीडियो
आलिया कुरैशी मनोरंजन जगत में अपनी अलग पहचान बनाने की कोशिश कर रही हैं। सोशल मीडिया पर वह ‘झल्ली’ नाम से भी जानी जाती हैं। वह एक सिंगर, गीतकार और एक्ट्रेस हैं। संगीत के साथ एक्टिंग की दुनिया में भी उन्होंने काम किया है और पिछले कुछ सालों में उन्हें कई चर्चित प्रोजेक्ट्स में देखा गया है। आलिया ने बॉलीवुड में शाहरुख खान की फिल्म ‘जवान’ से डेब्यू किया था। एटली के निर्देशन में बनी इस फिल्म में उन्होंने आजाद की टीम की सदस्य जानवी का किरदार निभाया था। फिल्म की बड़ी सफलता के बाद आलिया को दूसरे प्रोजेक्ट्स में भी काम करने का मौका मिला। इसके बाद वह ‘बंदिश बैंडिट्स’ के दूसरे सीजन में नजर आईं। इस सीरीज में उन्होंने अनन्या का किरदार निभाया था। इसके अलावा आलिया खुशी कपूर और इब्राहिम अली खान की फिल्म ‘नादानियां’ का भी हिस्सा रही हैं, जिसमें उन्होंने साहिरा की भूमिका निभाई।
‘जवान’ के सेट पर शाहरुख से हुई थी खास बातचीत
आलिया कुरैशी ने एक पुराने इंटरव्यू में शाहरुख खान के साथ काम करने के अनुभव को भी साझा किया था। उन्होंने बताया था कि ‘जवान’ के सेट पर शाहरुख के साथ बिताया वक्त उनके लिए बेहद यादगार रहा। आलिया के मुताबिक, दोनों मॉनिटर के पास बैठकर एक्टिंग से लेकर जिंदगी और उसके अलग-अलग पहलुओं पर बातचीत किया करते थे। उन्होंने शाहरुख की समझ और उनके ह्यूमर की भी तारीफ की थी। आलिया ने यह भी बताया था कि एटली की बर्थडे पार्टी में उन्होंने शाहरुख खान के साथ पूल गेम खेला और ‘छैयां छैयां’ पर डांस भी किया था। इससे अंदाजा लगाया जा सकता है कि फिल्म के सेट पर उनका अनुभव उनके लिए कितना खास रहा।
तमन्ना भाटिया से करीब दो साल चला रिश्ता
विजय वर्मा इससे पहले एक्ट्रेस तमन्ना भाटिया के साथ रिलेशनशिप को लेकर सुर्खियों में रहे थे। दोनों की नजदीकियां ‘लस्ट स्टोरीज 2’ के दौरान बढ़ी थीं। फिल्म के सेट पर शुरू हुआ यह रिश्ता करीब दो साल तक चर्चा में रहा। दोनों को कई मौकों पर साथ देखा गया और उन्होंने भी सार्वजनिक तौर पर एक-दूसरे के लिए अपने रिश्ते को लेकर खुलकर बात की थी। हालांकि 2025 में दोनों के अलग होने की खबरें सामने आईं। ब्रेकअप के बाद विजय ने अपनी निजी जिंदगी को लेकर ज्यादा बात नहीं की। इसी दौरान एक इंटरव्यू में उन्होंने रिश्तों की तुलना आइसक्रीम से की थी, जिस पर काफी चर्चा हुई थी। तमन्ना से अलग होने के बाद विजय वर्मा ने अपनी निजी जिंदगी को काफी हद तक प्राइवेट रखा है। अब आलिया कुरैशी के साथ उनकी लगातार सामने आ रही तस्वीरों और वीडियो ने नई डेटिंग की चर्चाओं को जन्म दिया है। ‘लस्ट स्टोरीज 3’ की स्क्रीनिंग पर दोनों की साथ मौजूदगी ने इन चर्चाओं को और हवा दी है।
