सलमान खान ने ‘वीकेंड का वार’ में बॉडी और लुक्स को लेकर होने वाली ट्रोलिंग पर खुलकर बात की और प्रेग्नेंसी के बाद महिलाओं की बॉडी-शेमिंग पर भी सवाल उठाए। जहां उनके इस अंदाज की तारीफ हुई, वहीं ‘बिग बॉस 7’ की कंटेस्टेंट सोफिया हयात ने पुराने अनुभव का हवाला देते हुए सलमान को ‘पाखंडी’ बताया।

‘वीकेंड का वार’ में सलमान खान का गुस्सा सोशल मीडिया ट्रोल्स पर तब फूटा जब वह स्काउट को समझा रहे थे। गाहे-बगाहे 60 साल के भाईजान ने बिना नाम लिए कटरीना कैफ के बढ़े हुए वजन पर हो रही ट्रोलिंग को लेकर जमकर भड़ास निकाली। सोहेल की ऐज शेमिंग का भी जिक्र किया। खुद के बारे में भी होने वाली ट्रोलिंग का जिक्र किया और गुस्से में टी-शर्ट और टोपी उतारकर ट्रोलर्स से कहा- हां, हो गया हूं बूढ़ा, देखा… अब कर लो ट्रोल।
सोफिया हयात का सलमान पर क्यों फूटा गुस्सा
अब सोफिया हयात ने 20 सितंबर को X पर ‘वीकेंड का वार’ का वीडियो शेयर कर सलमान खान पर निशाना साधा है। उन्होंने दावा किया कि जब वह ‘बिग बॉस 7’ में थीं, तब सलमान ने उनके लुक और शरीर को लेकर टिप्पणियां की थीं और गौहर खान की तारीफ की थी। सोफिया ने इसी पुराने अनुभव का हवाला देते हुए सलमान के बॉडी शेमिंग के खिलाफ स्टैंड लेने पर सवाल उठाया है।
सोफिया हयात ने सलमान को बताया ‘पाखंडी’
सलमान के इस ‘वीकेंड का वार’ के वीडियो को री-शेयर करते हुए सोफिया हयात ने अपने पुराने अनुभव का जिक्र किया। उन्होंने लिखा, ‘सलमान एक पाखंडी और बेवकूफ इंसान हैं। जब मैं बिग बॉस में थी, तो उन्होंने मेरे शरीर और चेहरे की आलोचना की थी और गौहर खान से कहा था कि उनका शरीर अच्छा है। उफ।’ सोफिया का यह पोस्ट सामने आने के बाद एक बार फिर ‘बिग बॉस 7’ से जुड़े उनके अनुभव चर्चा में आ गए हैं। उनका कहना है कि जिस तरह सलमान आज बॉडी-शेमिंग के खिलाफ बोल रहे हैं, उसी तरह का रवैया उन्होंने शो में अपने साथ महसूस नहीं किया था।
सलमान खान ने टी-शर्ट उतारकर दिया ट्रोलर्स को जवाब
‘वीकेंड का वार’ में सलमान खान ने उन ट्रोलर्स को जवाब दिया जो उम्र, लुक और वजन को लेकर सोशल मीडिया पर ट्रोलिंग करते हैं। एक्टर ने उन लोगों को जवाब देते हुए अपनी टोपी और टी-शर्ट तक उतार दी, जो लगातार सोशल मीडिया पर कटरीना कैफ और उनके भाई सोहेल खान समेत कई बॉलीवुड सेलेब्स को उनकी फिजिकल अपियरेंस को लेकर ट्रोल कर रहे हैं। सलमान का यह अंदाज देखने के बाद कई फैंस ने उनकी तारीफ की और कहा कि उन्होंने ट्रोलिंग का सीधे सामना किया। कई लोगों का तो ये भी कहना था कि पुराने अंदाज वाला सलमान आज वापस लौट आया है जिसे देखकर बहुत अच्छा लगा।
प्रेग्नेंसी के बाद महिलाओं की बॉडी शेमिंग पर क्या बोले सलमान?
एपिसोड में सलमान ने सिर्फ अपने या सोहेल खान को लेकर हो रही ट्रोलिंग पर ही बात नहीं की, बल्कि कटरीना कैफ का नाम लिए बिना उनके खिलाफ हो रही बॉडी-शेमिंग और ट्रोलिंग पर भी जमकर अपनी नाराजगी जाहिर की। उन्होंने सवाल किया कि बच्चे को जन्म देने के बाद किसी महिला के शरीर में होने वाले बदलावों पर लोग टिप्पणी क्यों करते हैं। सलमान ने कहा, ‘आप किसी प्रेग्नेंट महिला को ट्रोल क्यों करते हैं?’ उन्होंने आगे कहा कि प्रेग्नेंसी के दौरान वजन बढ़ना स्वाभाविक है और महिलाओं को खुद को संभालने के साथ परिवार के साथ समय बिताने का मौका मिलना चाहिए। उन्होंने कहा, ‘प्रेग्नेंट होने के बाद हर किसी का वजन बढ़ता है। जब वे वापस काम पर लौटेंगी, तो वे फिट दिखेंगी।’
कटरीना कैफ की बॉडी शेमिंग के बीच आया बयान
सलमान की यह टिप्पणी ऐसे वक्त सामने आई, जब अंबानी परिवार के गणपति सेलिब्रेशन में कटरीना कैफ के अपीयरेंस को लेकर सोशल मीडिया पर चर्चा हो रही थी। कटरीना अपने पति विक्की कौशल के साथ इस कार्यक्रम में पहुंची थीं और सामने आई तस्वीरों व वीडियो में उनके लुक को लेकर कई तरह की टिप्पणियां की गईं। ऐसे में सलमान की प्रेग्नेंसी के बाद महिलाओं के शरीर में होने वाले बदलावों पर कही गई बात को इसी चर्चा से जोड़कर भी देखा गया।

