भारतीय सेना ने अरब सागर में समुद्री लुटेरों के कब्जे से 20 क्रू वाले शिप को छुड़ाया. यह रेस्क्यू ऑपरेशन करीब 48 घंटे तक चला. वहीं, चक्रवाती तूफान मुरासू तेज रफ्तार के साथ आंध्र प्रदेश के तट से टकराया गया है. इन खबरों के अलावा, दिल्ली एनसीआर में वायु प्रदूषण बढ़ता ही जा रहा है, हालात ऐसे होते जा रहे हैं कि लोगों का सांस लेना भी दूभर होता जा रहा है. पढ़ें मंगलवार सुबह की बड़ी खबरें.
अरब सागर में नौसेना की जांबाजी… समुद्री लुटेरों के कब्जे से छुड़ाया 20 क्रू वाला शिप
भारतीय नौसेना ने अरब सागर में समुद्री लुटेरों के कब्जे में फंसी मछली पकड़ने वाली नाव ‘अज़िनी’ के सभी 20 क्रू मेंबर्स को सुरक्षित बचा लिया है. यह रेस्क्यू ऑपरेशन 48 घंटे तक चला. यह नाव मुंबई से 3 हजार किलोमीटर से ज्यादा दूर फंसी थी. रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने X पर पोस्ट कर नौसेना को इस सफल अभियान के लिए बधाई दी है.
ACC राइजिंग स्टार्स एशिया कप 2026 के लिए भारतीय टीम का ऐलान कर दिया गया है. BCCI ने इस टूर्नामेंट के लिए इंडिया-ए की 15 सदस्यीय टीम चुनी है. वैभव सूर्यवंशी को टीम में जगह मिली है. वहीं, तिलक वर्मा को कप्तानी और रजत पाटीदार को उपकप्तानी की जिम्मेदारी सौंपी गई है. यह टूर्नामेंट 19 से 29 नवंबर तक कतर की राजधानी दोहा में खेला जाएगा.
चक्रवात मुरासु आंध्र प्रदेश के तट से टकरा गया है. मंगलवार तड़के लैंडफॉल की प्रक्रिया शुरू हुई. राज्य में भारी बारिश हो रही है और 110 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल रही हैं. इनकी रफ्तार 120 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंचने की आशंका है. रात 1:30 बजे तक चक्रवात दक्षिण आंध्र प्रदेश के तट के पास बंगाल की खाड़ी में केंद्रित था.
जम्मू-कश्मीर के किश्तवाड़ में भूकंप के झटके
जम्मू-कश्मीर के किश्तवाड़ में सोमवार रात 10:56 पर भूकंप के झटके महसूस किए गए. नेशनल सेंटर फॉर सिस्मोलॉजी के मुताबिक, रिक्टर स्केल पर भूकंप की तीव्रता 3.1 मापी गई. भूकंप का केंद्र जमीन से 5 किलोमीटर की गहराई में था. कम तीव्रता के कारण किसी भी तरह के नुकसान की सूचना नहीं मिली है. NCS ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर इसकी जानकारी दी है.
गुरुग्राम के सरकारी और प्राइवेट दफ्तरों में 50% वर्क फ्रॉम होम, 5 से 20 नवंबर तक कंस्ट्रक्शन पर रोक
दिल्ली NCR में बढ़ते वायु प्रदूषण को देखते हुए गुरुग्राम प्रशासन ने सख्त कदम उठाए हैं. वायु गुणवत्ता प्रबंधन आयोग यानी CAQM के निर्देशों के बाद जिले में 5 से 20 नवंबर 2026 तक निर्माण और तोड़फोड़ गतिविधियों पर प्रतिबंध लगाया गया है. साथ ही सरकारी और निजी दफ्तरों में 50 प्रतिशत कर्मचारियों के लिए वर्क फ्रॉम होम अनिवार्य किया गया है.
भारतीय टीम अब न्यूजीलैंड के खिलाफ वनडे सीरीज में उतरेगी. पांच मैचों की यह सीरीज 4 नवंबर यानी कल से शुरू हो रही है. सीरीज का पहला मुकाबला 4 नवंबर को ऑकलैंड के ईडन पार्क में है, जबकि आखिरी मैच 15 नवंबर को माउंट माउंगानुई के बे ओवल में होगा. भारत ने अपनी पिछली वनडे सीरीज में वेस्टइंडीज को घरेलू मैदान पर 2-1 से हराया था.
दिल्ली-NCR में सांस लेना मुश्किल! AQI 334 पर पहुंचा, जल्द राहत की उम्मीद नहीं
दिल्ली-एनसीआर में प्रदूषण ने एक बार फिर चिंता बढ़ा दी है. मंगलवार सुबह राजधानी और आसपास के शहरों का AQI 334 दर्ज किया गया, जो बेहद खराब श्रेणी में है. लोगों का सांस लेने भी दूभर हो गया है. इसे देखते हुए CAQM ने पूरे एनसीआर में ग्रेडेड रिस्पॉन्स एक्शन प्लान के दूसरे चरण यानी GRAP-2 को तत्काल प्रभाव से लागू कर दिया है.
यूपी की नौकरियों में अग्निवीरों को 20% कोटा! CM योगी का बड़ा ऐलान, बिना परीक्षा होगी सीधी भर्ती
CM योगी आदित्यनाथ ने गोंडा के तेजपुर गांव में 520 करोड़ रुपये की 69 परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया. इस दौरान उन्होंने अग्निवीरों के लिए बड़ा ऐलान किया. चार साल की सेवा पूरी कर लौटने वाले अग्निवीरों को यूपी सरकार के विभिन्न विभागों में 20% आरक्षण मिलेगा. उन्हें बिना लिखित परीक्षा के सीधी भर्ती के जरिए नौकरी दी जाएगी.
आम्रपाली दुबे की फिल्म रोजा का ट्रेलर रिलीज हो गया है. 4 मिनट 54 सेकंड के इस ट्रेलर में आम्रपाली बुर्का पहने एक बेबस मुस्लिम महिला के किरदार में नजर आ रही हैं. ट्रेलर B4U भोजपुरी के यूट्यूब चैनल पर जारी किया गया है. फिल्म का निर्देशन इश्तियाक शेख बंटी ने किया है, जबकि कहानी शकील नियाज़ी ने लिखी है और निर्माता अमित सिंह चौहान हैं.
शाहरुख खान ने 2 नवंबर को अपना 61वां जन्मदिन मनाया. इस ख़ास मौके पर शाहरुख अपने घर मन्नत पहुंचे, जहा्ं उन्होंने फ़ैंस को हाथ हिलाकर हेलो कहा और फ़्लाइंग किस देकर सरप्राइज़ किया. वहीं, जन्मदिन पर उनकी अपकमिंग फ़िल्म ‘किंग’ का पहला गाना रिलीज़ हुआ. सिद्धार्थ आनंद के निर्देशन में बनी यह फ़िल्म 24 दिसंबर को सिनेमाघरों में आएगी.
—- समाप्त —-