आगरा11 मिनट पहले
- कॉपी लिंक
आगरा में कोचिंग के अंदर गणित के टीचर का शव मिला। शव कई दिन पुराना लग रहा है। टीचर की पहचान ओपी यादव के रूप में हुई है। वह शिवालिक स्कूल में गणित के शिक्षक थे और आवास विकास चौकी क्षेत्र के बीएस प्लाजा स्थित सेमी बेसमेंट में कोचिंग चलाते थे। मंगलवार से कोचिंग बंद थी और ओपी यादव स्कूल भी नहीं पहुंचे थे। घटना जगदीशपुरा थाना क्षेत्र की है। तीन दिन से बंद था कोचिंग सेंटर, फैली दुर्गंध शिक्षक ओपी यादव आवास विकास सेक्टर-3 स्थित बीएस प्लाज़ा के भूतल (ग्राउंड फ्लोर) पर छात्रों को गणित की ट्यूशन पढ़ाते थे। सोमवार के बाद से ही उनका मोबाइल फोन लगातार बंद आ रहा था। मंगलवार को जब छात्र पढ़ाई के लिए पहुंचे, तो कोचिंग सेंटर पर ताला लगा मिला।
शुक्रवार सुबह जब मार्केट के अन्य दुकानदारों और स्थानीय लोगों को कोचिंग सेंटर के भीतर से तेज दुर्गंध महसूस हुई, तो पूरे इलाके में हड़कंप मच गया। अनहोनी की शंका होते ही लोगों ने तुरंत स्थानीय पुलिस को मामले की जानकारी दी।
मौके पर पहुंची पुलिस सूचना मिलते ही जगदीशपुरा थाना पुलिस की टीम तुरंत बीएस प्लाज़ा पहुंची और कोचिंग सेंटर का दरवाजा खोलकर जांच शुरू की। अंदर शव काफी हद तक क्षत-विक्षत हालत में मिला, जिससे कई दिनों पुराना होने की आशंका है। डीसीपी सिटी रविंद्र कुमार भी मौके पर पहुंचे। उन्होंने बताया कि पुलिस प्राथमिक तौर पर इसे लापता शिक्षक ओपी यादव का शव होने की आशंका मान रही है।
परिजनों को सूचित कर दिया गया है। वो कानपुर देहात के रहने वाले हैं। उनके आने के बाद ही आधिकारिक पुष्टि हो सकेगी। ये सुसाइड है या कुछ और इसके बारे में अभी कुछ नहीं कहा जा सकता। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो सकेगी। पुलिस कोचिंग सेंटर के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाल रही है ताकि घटना की कड़ी से कड़ी जोड़ी जा सके।