भारतीय फिल्म इंडस्ट्री में AI का दखल तेजी से बढ़ रहा है, जिससे शूटिंग की लागत और समय 80% तक कम हो गया है। जहां हॉलीवुड में इसका विरोध हो रहा है, वहीं बॉलीवुड पुरानी फिल्मों के अंत बदलने और डिजिटल एक्टर्स बनाने जैसे आक्रामक प्रयोग कर रहा है, जो सिनेमा के भविष्य को पूरी तरह बदल सकता है।

लागत में कटौती के चलते हो रहा बदलाव?
AI ने फिल्म निर्माण के अर्थशास्त्र को पूरी तरह से बदल दिया है। रिपोर्ट्स की मानें, तो AI की वजह से पौराणिक और फैंटेसी फिल्मों की निर्माण लागत अब पहले के मुकाबले पांचवे हिस्से तक गिर चुकी है। गौर करने वाली बात है कि रिलायंस और डिज्नी जैसे बड़े खिलाड़ी पहले ही AI-जनरेटेड महाभारत सीरीज पेश कर चुके हैं। ये सीरीज करोड़ों व्यूज बटोरने में भी कामियाब रही है।
यहां गौर करने वाली बात यह भी है कि करोड़ो व्यूज बटोरने के बावजूद AI से बनी सीरीज की क्वीलिटी और लिप-सिंक को लेकर सवाल उठ रहे हैं। हालांकि, इतना तय है कि यह स्टूडियोज के लिए मुनाफा कमाने का नया जरिया बन गया है।
AI से स्टूडियो कर रहे प्रयोग
AI की वजह से भारतीय स्टूडियोज एक अनोखा प्रयोग कर रहे हैं। दरअसल वे पुरानी फिल्मों का अंत AI से बदल रहे हैं। हाल ही में फिल्म रांझणा को एक हैप्पी एंडिंग के साथ दोबारा पेश किया गया था, जिसे लेकर काफी विवाद हुआ था। फिल्म के मुख्य अभिनेता धनुष ने इसे ‘कला की आत्मा का हनन’ बताया था।
रिपोर्ट के अनुसार इरोस इंटरनेशनल जैसी कंपनियां अब अपनी 3,000 फिल्मों की लाइब्रेरी को खंगाल रही हैं, ताकि उन्हें AI के जरिए नया रूप देकर दोबारा पैसा कमाया जा सके। यह हॉलीवुड से बिल्कुल अलग है, जहां सख्त नियमों के कारण ऐसा करना फिलहाल मुश्किल है।
फिल्म इंडस्ट्री को बदल रहा AI
AI भारत में डबिंग के तौर-तरीके भी बदल रहा है। यहां 22 आधिकारिक भाषाएं हैं, जिनके लिए डबिंग हमेशा से चुनौतीपूर्ण रहा है। AI की मदद से किसी के चेहरे के हाव-भाव और होंठों की हलचल को किसी भी भाषा के अनुसार बदला जा सकता है।
यशराज फिल्म्स जैसी बड़ी कंपनियां वॉर 2 जैसी फिल्मों में इस टेक्नोलॉजी का इस्तेमाल कर रही हैं। गूगल, माइक्रोसॉफ्ट और एनवीडिया जैसे टेक दिग्गज भी भारतीय फिल्म निर्माताओं के साथ हाथ मिला रहे हैं। जहां हॉलीवुड में AI के खिलाफ विरोध प्रदर्शन हुए, वहीं भारत में निर्देशक अनुराग कश्यप जैसे लोग मानते हैं कि यहां सिनेमा सिर्फ कला नहीं, बल्कि एक बिजनेस है और जनता नए प्रयोगों को पसंद कर रही है।

