हाथरस से हुई गिरफ्तारी, एसपी से बातचीत होने की बात कहकर वायरल किया था भ्रामक ऑडियो,
अलीगढ़। सोशल मीडिया पर पुलिस अधिकारियों के नाम से भ्रामक पोस्ट और ऑडियो प्रसारित करने के मामले में सिविल लाइंस पुलिस ने मनोज सिकरवार निवासी ग्राम गढ़ी नोकस भाग जैतई, थाना सादाबाद, हाथरस को हाथरस से गिरफ्तार गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक आरोपी ने खुद को क्षत्रिय करणी सेना का पदाधिकारी बताते हुए सोशल मीडिया पर पोस्ट प्रसारित की थी, जिसमें दावा किया गया था कि उसकी पुलिस अधीक्षक अलीगढ़ से बातचीत हो चुकी है।
पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी की पुलिस अधीक्षक से ऐसी कोई बातचीत नहीं हुई थी। साथ ही सोशल मीडिया पर प्रसारित ऑडियो में पुलिस अधीक्षक की आवाज भी नहीं थी। पुलिस ने पोस्ट को असत्य और भ्रामक बताते हुए मामले को गंभीरता से लिया।
इस संबंध में थाना सिविल लाइंस में केस दर्ज किया गया। पुलिस के अनुसार आरोपी द्वारा इस तरह की पोस्ट के जरिए जनपद का सामाजिक सौहार्द बिगाड़ने का प्रयास किया गया।
मंगलवार को आईटीआई रोड स्थित एक समारोह स्थल पर हुई सरल महापंचायत क्षत्रिय करणी सेवा के युवा जिला अध्यक्ष सचिन राघव के भाई सुंदर राघव के एक बयान को लेकर बुधवार को कुछ लोगों ने स्टेट बैंक किराए पर सचिन राघव के साथ मारपीट कर दी थी। इसके बाद सचिन राघव के समर्थन में लेकर सोशल मीडिया पर कई तरह के बयान दिए जा रहे थे। सुंदर राघव के बयान के विरोध में नगर सफाई मजदूर संघ ने थाना सिविल लाइन का घेराव किया था।
हाथरस से हुई गिरफ्तारी
सिविल लाइंस पुलिस टीम ने मामले में वांछित आरोपी मनोज सिकरवार निवासी ग्राम गढ़ी नोकस भाग जैतई, थाना सादाबाद, जनपद हाथरस को हाथरस से गिरफ्तार किया। पुलिस ने बताया कि आरोपी को न्यायालय के समक्ष पेश किया जा रहा है।
कार्रवाई करने वाली टीम में थाना सिविल लाइंस प्रभारी निरीक्षक सत्यवीर सिंह, उपनिरीक्षक विनोद कुमार, उपनिरीक्षक मोहम्मद समीर खान, कांस्टेबल आशुतोष विजयी और कांस्टेबल शुभम कुमार शामिल रहे।
सोशल मीडिया यूजर्स से अपील
अलीगढ़ पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि सोशल मीडिया पर किसी भी असत्य, भ्रामक या भड़काऊ पोस्ट और टिप्पणी को प्रसारित अथवा साझा न करें। पुलिस ने कहा कि सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर लगातार निगरानी की जा रही है और भ्रामक या भड़काऊ सामग्री प्रसारित करने वालों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। पुलिस ने लोगों से सत्यापित जानकारी ही साझा करने की अपील की है।