Badaun News: बीच सड़क पर दो सांड़ आपस में भिड़ गए। काफी देर तक दोनों के बीच लड़ाई होती रही। इसी दौरान एक सांड़ ने सड़क से गुजर रहे बुजुर्ग को टक्कर मार दी। बुजुर्ग टक्कर लगने से बाल-बाल बच गए। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। मामला सिविल लाइंस कोतवाली क्षेत्र के मालगोदाम का है। यहां सड़क पर दो सांड़ काफी देर तक आपस में लड़ते रहे। दोनों सांड़ एक-दूसरे पर सींगों से हमला करते हुए सड़क पर इधर-उधर घूमते रहे। इसी दौरान वहां से गुजर रहे एक बुजुर्ग के पास पहुंचकर एक सांड़ ने उन्हें टक्कर मार दी।
अचानक हुई टक्कर से बुजुर्ग बाल-बाल बच गए। आसपास मौजूद लोगों ने घटना का वीडियो बना लिया, जो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। स्थानीय लोगों का कहना है कि सड़कों और सार्वजनिक स्थानों पर घूमते गोवंश के कारण आए दिन लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ता है। कई बार सांड लोगों पर हमला कर देते हैं, जिससे राहगीरों को चोटें भी आती हैं।