बहेड़ी (बरेली)। किसान भगवान सिंह की खुदकुशी के मामले ने तूल पकड़ लिया है। रुहेलखंड विवि के पूर्व कुलपति रहे गोरखपुर के पंडित दीनदयाल उपाध्याय विवि के मौजूदा कुलपति प्रोफेसर केपी सिंह व अन्य के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराने के लिए परिवार ने शाम ढले तहरीर दे दी। जमीन का मालिकाना हक मिलने व डेढ़ करोड़ रुपये मुआवजे की मांग भी उठाई। इन मांगों को लेकर शाम तक शव घर पर ही रखा रहा। परिजनों की जिद है कि जब तक मांगें पूरी नहीं होंगी, अंतिम संस्कार नहीं करेंगे। रविवार सुबह थाने कूच का एलान भी किया है।
शनिवार को भगवान सिंह (55) के शव का सुबह 10 बजे ही पोस्टमाॅर्टम करा दिया गया। दोपहर ढाई बजे शव गांव लाया गया। यहां सिख समुदाय सहित ग्रामीणों की भीड़ उमड़ पड़ी। मृतक के पुत्र भाग सिंह व साले गुरमुख सिंह ने बताया कि शुक्रवार रात ही डीएम और एसएसपी से बात हुई थी। परिजनों की मांग है कि सुसाइड नोट में जिन पांच लोगों के नाम हैं, उनके खिलाफ मामला दर्ज किया जाए। परिजन के अनुसार, जिस 12 एकड़ जमीन का फर्जी तरीके से बैनामा कराकर दाखिल-खारिज करा लिया गया है, वह वापस उनके नाम दर्ज की जाए। शासन से डेढ़ करोड़ रुपये मुआवजे की भी मांग की है।
मृतक के बहनोई उत्तराखंड के भाजपा नेता सुखदेव सिंह नामधारी परिवार का नेतृत्व कर रहे हैं। चुनावी माहौल में विपक्षी व किसान संगठनों के नेता भी पचपेड़ा आ गए हैं। एहतियात के तौर पर बहेड़ी के अलावा शेरगढ़, शीशगढ़, भोजीपुरा और देवरनिया थानों की पुलिस गांव में तैनात कर दी गई है। एसएसपी अनुराग आर्य बहेड़ी थाने में कैंप कर रहे हैं। एसपी सिटी, एसपी उत्तरी, एडीएम प्रशासन समेत कई अधिकारी गांव में मौजूद हैं।
वर्जन
मृतक के परिवार ने जो तहरीर दी है, उसमें कुलपति जैसे बड़े नाम हैं। शासन स्तर पर जानकारी दी गई है। वहां से निर्देश मिलने के बाद कार्रवाई की जाएगी। परिवार को भरोसा दिलाया गया है कि उनकी पूरी मदद की जाएगी। – अनुराग आर्य, एसएसपी