Bigg Boss 20: रियलिटी शो ‘बिग बॉस 20’ के घर में चल रहे तीखे घमासान और हाई-वोल्टेज ड्रामा के बीच रविवार के ‘वीकेंड का वार’ एपिसोड में एक बेहद भावुक पल देखने को मिला। शो में पहले वाइल्ड कार्ड कंटेस्टेंट के रूप में धमाकेदार एंट्री करने वाले मशहूर टीवी अभिनेता मनीष गोयल ने पैर की गंभीर चोट के चलते बीच में ही शो को अलविदा कह दिया है। 10 अक्टूबर को घर में कदम रखने वाले मनीष ने करीब 40 दिनों तक दर्शकों का मनोरंजन किया, लेकिन स्वास्थ्य कारणों को प्राथमिकता देते हुए उन्होंने खुद बाहर जाने का कठिन फैसला लिया।
डॉक्टरों ने दी चार हफ्ते आराम की सलाह
दरअसल, एक चोट की वजह से मनीष गोयल के पैर में काफी समय से तेज दर्द था और उनके लिए ठीक से चल पाना भी मुश्किल हो रहा था। मेडिकल जांच के बाद डॉक्टरों ने उन्हें साफ तौर पर चार हफ्ते तक आराम करने की सलाह दी है। चूंकि शो के ग्रैंड फिनाले में अब कुछ ही हफ्ते शेष रह गए हैं, ऐसे में चार हफ्ते के ब्रेक के बाद शो में वापसी करने का कोई औचित्य नहीं रह जाता।
‘वीकेंड का वार’ में होस्ट सलमान खान से बातचीत के दौरान मनीष ने अपनी सेहत को सबसे ऊपर रखते हुए कहा, “यहां से बाहर निकलकर कुछ अच्छा ही लिखा होगा मेरे लिए। बस सबसे इंपॉर्टेंट ये है कि ये (पैर) पहले ठीक हो जाए। चार हफ्ते का रेस्ट क्लियरली बोला है, तो मैंने बिग बॉस से रिक्वेस्ट की।”
कम वोट नहीं बने वजह, मनीष के फैसले से बचे बाकी कंटेस्टेंट
मनीष के इस फैसले पर सलमान खान ने न केवल उनकी सराहना की, बल्कि घरवालों के सामने एक बड़ा राज भी खोला। सलमान ने स्पष्ट किया कि मनीष को इस हफ्ते दर्शकों के सबसे कम वोट नहीं मिले थे। यदि वे खुद शो छोड़ने का निर्णय न लेते, तो किसी दूसरे नॉमिनेटेड कंटेस्टेंट को घर से बेघर होना पड़ता।
सलमान खान ने घरवालों से कहा, “मनीष, आपकी तरफ से बड़ा ही सपोर्टिंग जेस्चर है ये, क्योंकि आप सबको मैं बताना चाहूंगा, मनीष को इस हफ्ते लोएस्ट वोट्स नहीं मिले थे। तो आप में से कोई और जाता अगर यह ऑप्ट आउट नहीं करते।” सलमान के इस खुलासे के बाद इस हफ्ते के सभी नॉमिनेटेड सदस्य सुरक्षित हो गए।
सलमान बोले- सभी सीजन्स में आप जैसा कोई नहीं देखा
विदाई के मौके पर सलमान खान ने शो में मनीष गोयल के सफर की जमकर तारीफ की और कहा कि घरवाले उन्हें बहुत याद करेंगे। सलमान ने कहा, “मनीष, आप जैसा कोई नहीं देखा हमने अक्रॉस सीजन्स और ये घर तो आपको मिस करेगा। बाहर आएंगे तो आपको पता चलेगा कि आपने घर में क्या-क्या हंगामा किया है। आपको अपने ही मीम्स देखकर बहुत मजा आएगा।”
बातचीत के आखिर में मनीष ने भावुक होते हुए सलमान से गुजारिश की कि वे बस इतना कह दें कि शो में उनका सफर बोरिंग नहीं था। इस पर सलमान ने मुस्कुराते हुए जवाब दिया, “आप बिल्कुल भी बोरिंग नहीं थे यार। आप बाहर आओ, खुद देख लोगे।” इसके बाद घर के अंदर जाकर मनीष ने सभी साथियों से गले मिलकर नम आंखों से विदा ली।
यह भी पढ़ें– फिर लौटेगा ‘बाबा निराला’ का खौफ, निर्देशक प्रकाश झा ने दी शूटिंग पूरी होने की खुशखबरी