Bigg Boss 20 : सलमान खान के रियलिटी शो बिग बॉस 20 में एक बार फिर हाई-वोल्टेज ड्रामा देखने को मिलने वाला है। घर में नए कंटेस्टेंट नकुल धुल की एंट्री को अभी कुछ ही दिन हुए हैं, लेकिन वह आते ही विवादों में घिर गए हैं। शो के नए प्रोमो में नकुल और रोडीज फेम गुल्लू के बीच तीखी बहस और हाथापाई होती दिखाई दे रही है। दोनों के बीच बढ़ते विवाद ने घर का माहौल गर्म कर दिया है। अब सवाल यह है कि क्या इस लड़ाई की कीमत नकुल को शो से बाहर होकर चुकानी पड़ेगी?
स्काउट OP और काजी तौकीर के बीच बातचीत से शुरू हुआ विवाद
शो के सामने आए प्रोमो के मुताबिक, नकुल धुल स्काउट OP को बताते हैं कि काजी तौकीर ने उनके बारे में कुछ कहा है। यह सुनने के बाद स्काउट, काजी से इस मामले पर सवाल करने पहुंच जाते हैं। उस समय नकुल, गुल्लू और घर के कुछ अन्य सदस्य भी वहां मौजूद होते हैं।
बातचीत के दौरान नकुल और गुल्लू के बीच बहस शुरू हो जाती है। देखते ही देखते दोनों के बीच मामला इतना बढ़ जाता है कि विवाद हाथापाई तक पहुंच जाता है। घर के दूसरे सदस्य दोनों को रोकने और मामला शांत कराने की कोशिश करते नजर आते हैं।
चुगली और मजाक बना झगड़े की वजह?
प्रोमो में विवाद की शुरुआत घर में एक-दूसरे की चुगली करने की बात से होती दिखाई देती है। नकुल को शिकायत है कि घर के सदस्य एक-दूसरे के बारे में बातें करते रहते हैं। वहीं, काजी तौकीर और गुल्लू का कहना है कि उनकी बातचीत केवल मस्ती-मजाक का हिस्सा थी। इसी बात को लेकर शुरू हुई बहस ने गंभीर रूप ले लिया। हालांकि, दोनों के बीच हाथापाई की पूरी वजह क्या थी और विवाद किस मोड़ पर पहुंचा, इसका खुलासा एपिसोड प्रसारित होने के बाद ही हो सकेगा।
क्या बिग बॉस से बाहर होंगे नकुल धुल?
गुल्लू के साथ शारीरिक झड़प के बाद नकुल धुल की मुश्किलें बढ़ सकती हैं। रिपोर्ट्स में दावा किया जा रहा है कि इस घटना के बाद उन्हें घर से बाहर कर दिया गया है। हालांकि, उनकी बेदखली को लेकर आधिकारिक पुष्टि सामने आने तक इसे अंतिम फैसला नहीं माना जा सकता। इस बीच कहानी में एक नया ट्विस्ट आने की चर्चा भी है। बताया जा रहा है कि घर के नए कप्तान स्काउट OP को खास अधिकार मिल सकते हैं, जिनकी मदद से वह नकुल को दोबारा घर में लाने का फैसला कर सकते हैं।