टीवी एक्ट्रेस माही विज इन दिनों रियलिटी शो ‘बिग बॉस 20’ में नजर आ रही हैं. शो में उनका गेम प्लान और बेबाक अंदाज दर्शकों का ध्यान खींच रहा है. हालांकि, इन दिनों घर के ज्यादातर कंटेस्टेंट्स उनके खिलाफ नजर आ रहे हैं. दरअसल, हाल ही में एक एपिसोड में माही ने लव गिल को ‘होम ब्रेकर’ कहा था.
इसके बाद टास्क के दौरान कई कंटेस्टेंट्स ने उन्हें जमकर खरी-खोटी सुनाई. इस बीच कुछ कंटेस्टेंट्स ने माही के खिलाफ बोलते हुए उनकी बेटी तारा का नाम भी घसीटा. अब इस पूरे मामले पर माही के एक्स पति और एक्टर जय भानुशाली का गुस्सा फूट पड़ा है.
जय भानुशाली ने शेयर की माही और बच्चों की तस्वीर
जय भानुशाली ने हाल ही में इंस्टाग्राम पर माही और अपने तीनों बच्चों की एक तस्वीर शेयर की है. इसके साथ उन्होंने एक लंबा पोस्ट लिखकर अपनी नाराजगी जाहिर की. जय ने लिखा, ‘बिग बॉस में सब कुछ देखने के बाद, एक पिता के तौर पर मैंने यह फैसला लिया है कि अब मैं अपने बच्चों को बिग बॉस नहीं देखने दूंगा. मैंने तय किया था कि मैं किसी के गेमप्ले के बारे में बात नहीं करूंगा और न ही किसी कंटेस्टेंट के बारे में अपनी कोई राय दूंगा. बस जहां भी जरूरत होगी, मैं माही को सपोर्ट करूंगा.’
यंग डीएसए, कनिका और लव गिल पर निकाली भड़ास
जय ने आगे अपने पोस्ट में उन बयानों का जिक्र किया, जिनसे उन्हें सबसे ज्यादा तकलीफ हुई. उन्होंने लिखा, ‘सिर्फ एक टास्क के लिए यंग डीएसए का यह कहना कि मेरे बच्चे बड़े होकर अपनी मां के कामों पर शर्मिंदा होंगे. कनिका का यह कहना कि वह माही के बच्चों से कभी नहीं मिलना चाहेंगी और लव गिल की मां का मेरी बेटी को इस बातचीत में घसीटना और यह पूछना कि अगर कोई उनकी बेटी के बारे में ऐसा ही कुछ कहे तो उन्हें कैसा लगेगा. यह सब बहुत गलत है.’
उन्होंने आगे लिखा, ‘तारा अभी सिर्फ 7 साल की बच्ची है. वह बिग बॉस की कंटेस्टेंट नहीं है. किसी को नीचा दिखाने के लिए एक बच्चे का इस्तेमाल करना बिल्कुल बकवास है. बिग बॉस एक गेम है. माही से असहमत हो, उसके गेमप्ले पर सवाल उठाओ और उसके फैसलों को चुनौती दो, लेकिन उसके बच्चों को घसीटना, मदरहुड और पर्सनल लाइफ को लेकर बात करना मर्यादा पार करने जैसा है.’
‘मेरे बच्चों की शांति और मासूमियत सबसे पहले है’
जय ने अपने पोस्ट के आखिर में बताया कि वह नहीं चाहते कि उनके बच्चों को इस पूरे विवाद की वजह से किसी तरह का मानसिक तनाव झेलना पड़े. उन्होंने लिखा, टएक पिता के रूप में मैं नहीं चाहता कि मेरे बच्चे इस सदमे के साथ बड़े हों कि माही को नीचा दिखाने के लिए हर वाक्य में तारा के नाम का इस्तेमाल किया जाता है. यह गेम भले ही सबके लिए एंटरटेनमेंट हो, लेकिन हमारे लिए यह एक निजी मामला है. मेरे बच्चों की शांति और मासूमियत हमेशा सबसे पहले है. धन्यवाद. अलविदा बिग बॉस 20.’
टास्क के दौरान क्या हुआ?
बता दें कि ‘बिग बॉस 20’ के लेटेस्ट एपिसोड में एक टास्क हुआ था, जिसमें कंटेस्टेंट्स को एक-दूसरे को टॉर्चर करके उनके इमोशंस बाहर निकालने थे. इस दौरान यंग डीएसए, लव गिल और कनिका मान ने माही विज के खिलाफ कई बातें कहीं और उनकी बेटी तारा का भी जिक्र किया. इसी बात से जय भानुशाली नाराज हो गए और उन्होंने सोशल मीडिया पर अपना गुस्सा जाहिर किया.