रियलिटी शो ‘बिग बॉस 20’ के घर में इन दिनों खूब ड्रामा देखने को मिल रहा है. कभी कंटेस्टेंट्स के बीच दोस्ती में दरार आ रही है तो कभी छोटी-छोटी बातों पर बहस हो रही है. अब शो के नए प्रोमो में स्काउटओपी ने कुछ ऐसा कर दिया, जिसे देखकर घरवाले ही नहीं, दर्शक भी हैरान रह गए.
दरअसल, युंग डीएसए और लव गिल के साथ लगातार हुए विवादों के बाद स्काउट ने नेशनल टेलीविजन पर अपना सिर मुंडवा लिया है. उनका बदला हुआ लुक देखकर बाकी कंटेस्टेंट्स भी चौंक गए.
युंग डीएसए के साथ हुई स्काउटओपी की हाथापाई
हाल ही में एक टास्क के दौरान स्काउटओपी और युंग डीएसए के बीच बहस हो गई थी. देखते ही देखते मामला इतना बढ़ गया कि स्काउट ने युंग को धक्का दे दिया. इसके बाद घर के दूसरे सदस्य बीच-बचाव करने पहुंचे. गुल्लू समेत बाकी कंटेस्टेंट्स ने दोनों को अलग किया, ताकि बात और न बढ़े.
पूरे सीजन के लिए नॉमिनेट हुए स्काउटओपी
इस घटना के बाद दोनों की दोस्ती में भी दरार आ गई. युंग ने स्काउट के व्यवहार पर नाराजगी जताई. वहीं, इस हरकत को लेकर बिग बॉस ने भी स्काउट के खिलाफ सख्त फैसला सुनाया. बिग बॉस ने ऐलान किया कि स्काउट पूरे सीजन के लिए नॉमिनेट रहेंगे. इसके अलावा वो घर के कैप्टन भी नहीं बन सकेंगे. इतना ही नहीं, उन्हें अपनी लाइफलाइन दोबारा पाने का मौका भी नहीं मिलेगा.
‘बहन जैसी दोस्त’ लव गिल से भी भिड़े स्काउटओपी
युंग डीएसए के साथ विवाद के अगले ही दिन स्काउटओपी की लव गिल से भी बहस हो गई. दरअसल, लव गिल ‘कैरेक्टर ढीला’ गाना गा रही थीं. इसी दौरान स्काउट ने उनके पजामे को लेकर एक टिप्पणी कर दी. लव को उनकी ये बात पसंद नहीं आई और उन्होंने स्काउट से इस बारे में सवाल किया.
इस बीच काजी तौकीर ने भी स्काउट की टिप्पणी पर आपत्ति जताई. उन्होंने स्काउट को महिलाओं के प्रति सम्मान बनाए रखने की बात समझाई. वहीं, गुल्लू ने स्काउट की बात का मतलब समझाने की कोशिश की. हालांकि, बाद में स्काउट को अपनी गलती का एहसास हुआ और उन्होंने लव से माफी मांग ली.
आखिर क्यों स्काउटओपी ने मुंडवाया सिर?
लगातार दो विवादों में घिरने के बाद स्काउटओपी नए प्रोमो में बिल्कुल अलग अंदाज में नजर आए. मेकर्स ने ‘बिग बॉस 20’ का नया प्रोमो जारी किया है, जिसमें स्काउटओपी बाथरूम एरिया में अपने सारे बाल मुंडवाते नजर आ रहे हैं. स्काउट का नया लुक देखकर माही विज और लव गिल भी हैरान रह गईं. शो का ये प्रोमो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है. वहीं, दर्शक इस एपिसोड का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं.
बता दें कि सलमान खान का होस्ट किया जाने वाला रियलिटी शो ‘बिग बॉस 20’ रोजाना जियोहॉटस्टार पर रात 9 बजे स्ट्रीम होता है. वहीं, कलर्स टीवी पर इसे रात 10:30 बजे देखा जा सकता है.