बिग बॉस 20 के घर में एक बार फिर वीकेंड का वार के दौरान जमकर ड्रामा देखने को मिलने वाला है। पिछले हफ्ते अपनी व्यस्तता के चलते शो से गायब रहे बॉलीवुड सुपरस्टार सलमान खान इस बार होस्ट की जिम्मेदारी संभालते नजर आएंगे।
शो के नए प्रोमो में सलमान खान का सख्त अंदाज देखने को मिल रहा है। वह कंटेस्टेंट स्काउट को फटकार लगाते हुए दिखाई दे रहे हैं। इतना ही नहीं, स्काउट के साथ उनके रिश्ते और उनकी हरकतों पर भी सलमान ने कई तीखे सवाल उठाए हैं।
मेकर्स की ओर से जारी किए गए नए प्रोमो में सलमान खान स्काउट की क्लास लगाते नजर आ रहे हैं। इससे पहले पिछले वीकेंड का वार में रोहित शेट्टी और स्काउट की गर्लफ्रेंड काश्वी ने भी उन्हें स्काउट के साथ बढ़ती नजदीकियों को लेकर घेरा था।
स्काउट का लव को मसाज देना और उनके साथ खास बॉन्डिंग रखना चर्चा का विषय बना हुआ है। अब सलमान ने स्काउट से सवाल किया कि जब वह लव के साथ बहन जैसा रिश्ता होने का दावा करते हैं, तो फिर अपनी गर्लफ्रेंड के सामने उनका बचाव क्यों नहीं कर पाए?
‘आप किसी के साथ लॉयल नहीं हैं’
प्रोमो में सलमान खान स्काउट से कहते हैं, ”स्काउट, आप किसी के साथ लॉयल नहीं हैं। जिसे आप बहन जैसी दोस्त कहते हैं, उसे गर्लफ्रेंड के सामने डिफेंड नहीं कर पाए।”इसके बाद सलमान रिश्तों और मसाज को लेकर भी तंज कसते हैं। वह कहते हैं, ”रिश्ता वही पर, मसाज नहीं।”
सलमान आगे स्काउट को चेतावनी देते हुए कहते हैं कि अगर उन्होंने लव को पटाने के चक्कर में झूठी कमिटमेंट दी है, तो उनसे घटिया इंसान कोई नहीं है। सलमान की इन बातों के बाद अब दर्शकों को वीकेंड का वार के एपिसोड का इंतजार है।
काश्वी ने भी लव पर लगाए थे आरोप
दरअसल, पिछले हफ्ते स्काउट की गर्लफ्रेंड काश्वी हिनरानंदानी बिग बॉस 20 के मंच पर पहुंची थीं। यहां उन्होंने अपने बॉयफ्रेंड तनमय उर्फ स्काउट से लव के साथ उनकी बढ़ती नजदीकियों को लेकर सवाल किए थे। इस दौरान काश्वी ने लव से भी बातचीत की और उन पर स्काउट को अपने जाल में फंसाने का आरोप लगाया था। काश्वी के इस रवैये को लेकर सोशल मीडिया पर मिली-जुली प्रतिक्रियाएं देखने को मिलीं।
विवाद बढ़ने पर काश्वी ने मांगी माफी
सोशल मीडिया पर आलोचनाओं के बीच काश्वी ने सोमवार को इंस्टाग्राम पर एक पोस्ट शेयर कर उन सभी लोगों से माफी मांगी, जिन्हें उनकी बातों से ठेस पहुंची थी। उन्होंने स्पष्ट किया कि उनका मकसद स्काउट की गलतियों को सामने लाना और उन्हें उनके व्यवहार के लिए जवाबदेह ठहराना था।