‘बिग बॉस 20’ के घर में चल रहा ड्रामा अब एक नए मोड़ पर पहुंच गया है. बीजेपी नेता मनोज तिवारी की बेटी रीति तिवारी को हाल ही में साथी कंटेस्टेंट्स काजी तौकीर और उदिति सिंह के साथ हुई तीखी बहस के बाद सोशल मीडिया पर भारी आलोचना का सामना करना पड़ रहा था. अब ‘वीकेंड का वार’ का नया प्रोमो सामने आते ही साफ हो गया है कि सलमान खान रीति तिवारी की इस हरकत को बिल्कुल भी बख्शने के मूड में नहीं हैं.
दरअसल फैंस लगातार रीति के व्यवहार और उनकी भाषा पर नाराजगी जता रहे थे और चाहते थे कि मेकर्स और सलमान खान इस पर सख्त कदम उठाएं. अब ‘वीकेंड का वार’ का नया प्रोमो आते ही ये साफ हो गया है.
प्रोमो हुआ रिलीज
‘वीकेंड का वार’ के प्रोमो में सलमान खान न सिर्फ रीति पर बरसे हैं, बल्कि बाकी घर वालों को भी आड़े हाथों लिया है. सलमान ने कहा कि बदतमीजी की भी एक हद होती है और घर वाले रीति को उकसा रहे थे. सलमान ने आसिफ खान से सवाल किया कि अगर यही बात उनकी अपनी बहन के लिए कही गई होती, तो क्या वे इसे बर्दाश्त करते?
आखिर क्या था मामला?
मामला तब शुरू हुआ जब घर में दो टीमों के बीच एक-दूसरे को ‘डिस’ (diss) करने का टास्क रखा गया था. पहले रीति का मुकाबला उदिति सिंह से होना था, लेकिन उदिति के इनकार के बाद काजी तौकीर सामने आ गए. टास्क की आड़ में रीति ने उदिति और काजी के खिलाफ ऐसे अपशब्दों का इस्तेमाल किया कि शो के एडिट में उनकी बातों को म्यूट तक करना पड़ गया. जब इस पर बहस बढ़ी, तो रीति ने अपनी सफाई में कहा कि उन्होंने ये शब्द सिर्फ ‘राइमिंग’ बेहतर करने के लिए इस्तेमाल किए थे और ये तो महज स्लैंग हैं.
हद तो तब हो गई जब एक अन्य टास्क के दौरान रीति ने काजी को खुलेआम धमकी दे डाली. उन्होंने कहा, ‘अगर मेरे बाप आपको यह सब करते हुए देख लेते तो आपको पता नहीं है आपका क्या हाल होता’.
—- समाप्त —-
