सलमान खान का शो बिग बॉस 20
रियलिटी शो ‘बिग बॉस 20’ के दर्शकों के लिए ‘वीकेंड का वार’ से जुड़ा बड़ा अपडेट सामने आया है. हर हफ्ते की तरह इस बार शुक्रवार को वीकेंड एपिसोड की शूटिंग नहीं हो पाई, बल्कि मेकर्स ने शेड्यूल में आखिरी वक्त पर बदलाव करते हुए इसे एक दिन आगे बढ़ा दिया था. सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक, कल शुक्रवार (13 नवंबर) की जगह आज शनिवार, 14 नवंबर को इस खास एपिसोड की शूटिंग होने जा रही है, जहां होस्ट सलमान खान पूरे हफ्ते का हिसाब लेने के लिए मंच पर उतरेंगे.
शूटिंग शेड्यूल में ये बदलाव सुपरस्टार सलमान खान के पहले से तय प्रोफेशनल कमिटमेंट्स की वजह से किया गया था. व्यस्त शेड्यूल के चलते शुक्रवार को शूटिंग संभव नहीं हो सकी, जिसके बाद मेकर्स ने इसे शनिवार यानी आज के लिए री-शेड्यूल किया. आमतौर पर पूरे हफ्ते घर के अंदर चलने वाले हाई-वोल्टेज ड्रामे के बाद दर्शक ‘वीकेंड का वार’ का बेसब्री से इंतजार करते हैं, क्योंकि इसी दिन सलमान खान कंटेस्टेंट्स से रूबरू होकर उनकी हरकतों और बयानों पर सीधी बात करते हैं.
आज इन 4 बड़े मुद्दों पर सलमान खान के निशाने पर आ सकते हैं घरवाले
बीते हफ्ते ‘बिग बॉस 20’ के घर में तीखी नोकझोंक, हाथापाई, इमोशनल ब्रेकडाउन और निजी टिप्पणियों का दौर देखने को मिला है. ऐसे में आज होने वाली शूटिंग में इन 4 बड़े विवादों पर सलमान खान का सख्त रुख देखने को मिल सकता है.
स्काउट ओपी और यंग की हाथापाई: इस हफ्ते का सबसे बड़ा बवाल स्काउट ओपी और यंग के बीच हुई झड़प रहा. झगड़े के दौरान स्काउट ने सीमा पार कर दी थी, जिससे घर का माहौल बेहद तनावपूर्ण हो गया और खुद ‘बिग बॉस’ को भी स्काउट के खिलाफ कड़ा एक्शन लेना पड़ा. मामले की गंभीरता को देखते हुए दर्शक यह जानने के लिए उत्सुक हैं कि सलमान खान इस पर क्या फैसला सुनाते हैं.
लव गिल से बहस के बाद स्काउट का इमोशनल ब्रेकडाउन: स्काउट ओपी और लव गिल के बीच का समीकरण लगातार सुर्खियों में बना हुआ है. हाल ही में दोनों के बीच हुई तीखी बहस के बाद स्काउट बुरी तरह टूटते और भावुक होते नजर आए थे. आज के एपिसोड में उनकी दोस्ती और आपसी मतभेदों को लेकर भी सवाल उठ सकते हैं.
अरिश्फा का खाना फेंकना: घर के अंदर अरिश्फा के खाना फेंकने की घटना ने बाकी कंटेस्टेंट्स को काफी नाराज किया था. इस हरकत को लेकर भी सलमान खान उनकी क्लास लगा सकते हैं.
ये भी पढ़ें- Bigg Boss 20: लव गिल की वजह से हुई स्काउट की ऐसी हालत? आम्रपाली के आरोपों पर भड़की एक्ट्रेस, यंग ने भी उठाए सवाल
माही विज का ‘होमब्रेकर’ कमेंट: एक्ट्रेस माही विज द्वारा की गई विवादित ‘होमब्रेकर’ टिप्पणी ने भी घर में बड़ा हंगामा खड़ा किया है. इस बयान पर भी ‘वीकेंड का वार’ में तीखी चर्चा होने की पूरी उम्मीद है.
एक दिन की मोहलत खत्म, आज लगेगा असली दरबार: शूटिंग शनिवार को शिफ्ट होने से घरवालों को सलमान खान का सामना करने से पहले एक दिन का अतिरिक्त समय जरूर मिल गया था, लेकिन अब वह मोहलत खत्म हो चुकी है. हालांकि मेकर्स ने अभी तक कोई प्रोमो जारी नहीं किया है, लेकिन बीते कुछ दिनों के घटनाक्रमों को देखते हुए यह तय माना जा रहा है कि आज के शूट में कई कंटेस्टेंट्स पर गाज गिरने वाली है.