कुंदन कुमार/पटना। बिहार में आज कौन-कौन से बड़े कार्यक्रम होंगे। कौन सी पार्टी के बड़े नेता क्या बयान दिए। इन सभी की जानकारी आप तक हम पहुंचा रहे हैं। वहीं, प्रदेश में आज कहां-कहां कार्यक्रम होंगे, ये सभी जानकारी आप तक हम रोज पहुंचाएंगे, तो प्रदेश की सभी गतिविधियों को जानने के लिए पढ़ते रहे लल्लूराम डॉट कॉम।
जदयू कार्यालय में जनसुनवाई कार्यक्रम का आयोजन
जदयू कार्यालय में आज बुधवार (21, अक्टूबर 2026) को जनसुनवाई कार्यक्रम का आयोजन किया गया है। इस कार्यक्रम में आम लोग अपनी समस्याएं और शिकायतें सीधे पार्टी नेताओं और पदाधिकारियों के सामने रख सकेंगे। कार्यक्रम का समय सुबह 11 बजे निर्धारित किया गया है। इस जनसुनवाई में राज्य सरकार के मंत्री भी मौजूद रहेंगे, जो लोगों की समस्याओं को सुनकर उनका समाधान करेंगे। पार्टी का कहना है कि इस तरह के कार्यक्रम का उद्देश्य जनता और सरकार के बीच सीधा संवाद स्थापित करना है, ताकि स्थानीय स्तर पर उठने वाली समस्याओं का त्वरित समाधान किया जा सके।
मां दुर्गा की प्रतिमाओं का सामूहिक विसर्जन
नवरात्रि और विजयादशमी के समापन के बाद आज बुधवार (21, अक्टूबर) को सामूहिक रूप से शहर के विभिन्न पंडालों में स्थापित मां दुर्गा की प्रतिमाओं का विसर्जन किया जाएगा। प्रतिमा विसर्जन के लिए पटना के दीघा घाट पर एक अलग से अस्थाई पांड (तालाब) का निर्माण किया गया है, जहां पर सुबह 11 बजे से लोग विसर्जन कर सकेंगे। पूजा समितियों की ओर से स्थापित मां दुर्गा की प्रतिमाओं को पूरे विधि-विधान और श्रद्धा के साथ विसर्जित किया जाएगा। घाट पर मां के जयकारों के बीच भक्त नम आंखों से मां दुर्गा को विदाई देंगे और अगले साल फिर आने की कामना करेंगे। इस मौके पर बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के जुटने की उम्मीद है।
भाजयुमो के नवनियुक्त पदाधिकारियों का आज होगा स्वागत
भारतीय जनता युवा मोर्चा (भाजयुमो) के नवनियुक्त अध्यक्ष एवं सदस्यों के स्वागत के लिए आज दोपहर 3 बजे भाजपा कार्यालय में एक कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा। इस दौरान पार्टी के पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं की मौजूदगी में नवनियुक्त अध्यक्ष और सदस्यों का स्वागत एवं अभिनंदन किया जाएगा। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन के निर्देश पर भाजयुमो के राष्ट्रीय पदाधिकारियों समेत विभिन्न पदों पर नियुक्तियां की गई हैं। इन नियुक्तियों में बिहार के 4 नेताओं को महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं। राज राजेंद्र सिंह को भाजयुमो का राष्ट्रीय उपाध्यक्ष बनाया गया है। वहीं, राहुल झा को राष्ट्रीय मंत्री जबकि हिमांशु यादव को राष्ट्रीय मीडिया प्रभारी और मानवेंद्र चौहान को सोशल मीडिया सह प्रभारी की जिम्मेदारी दी गई है। भाजयुमो के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. हेमांग जोशी ने इन नियुक्तियों की आधिकारिक सूचना जारी की है।
कांग्रेस कार्यालय में प्रेस कॉन्फ्रेंस
कांग्रेस कार्यालय सदाकत आश्रम में आज दोपहर 3 बजे एक महत्वपूर्ण प्रेस कॉन्फ्रेंस आयोजित की जाएगी। प्रेस-कॉन्फ्रेंस में प्रदेश अध्यक्ष राजेश राम समेत अन्य पदाधिकारी मौजूद रहेंगे, जो संवददाता सम्मेलन को संबोधित करेंगे। इस दौरान वे बिहार की मौजूदा राजनीतिक परिस्थितियां, संगठनात्मक गतिविधियों और राज्य से जुड़े मुद्दों पर मीडिया को जानकारी देंगे। इसके साथ ही वे एसआईआर और मुख्य चुनाव आयुक्त पर भी पार्टी की राय रख सकते हैं।
ये भी पढ़ें- शादी के दबाव और धमकी से परेशान प्रेमी बना कातिल, कुल्हाड़ी से काटकर की गर्लफ्रेंड की हत्या