छत्तीसगढ़ के बिलासपुर में शुक्रवार को प्राइमरी स्कूल में शिक्षक शराब के नशे में स्कूल पहुंच गया। नशे में स्कूल आने के सवाल पर शिक्षक 10 महीने से वेतन नहीं मिलने की बात कहते हुए मिसबिहेव करने लगा, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया।
.
वीडियो वायरल होने के बाद जिला शिक्षा अधिकारी (DEO) संदीप पांडेय ने जांच कराई। शुरुआती जांच में स्कूल समय में नशे में मिसबिहेव करने की पुष्टि हुई। रिपोर्ट में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के खिलाफ आपत्तिजनक भाषा के इस्तेमाल का भी जिक्र है।
जिला शिक्षा अधिकारी ने स्कूल प्रबंधन समिति को शिक्षक को तत्काल सस्पेंड करने और 24 घंटे में कार्रवाई की रिपोर्ट देने के आदेश दिए हैं। मामला कोटा ब्लॉक के बहेरामुड़ा प्राइमरी स्कूल का है।
देखिए तस्वीरें…
शुक्रवार को शिक्षक शराब के नशे में स्कूल पहुंच गया।
जब वीडियो बनाने वाले युवक ने नाम पूछा तो शिक्षक दबी आवाज में नाम कहते हुए अंदर चला गया।
शराबी शिक्षक को जिला शिक्षा अधिकारी ने सस्पेंड करने का आदेश दिया है।
जानिए क्या है पूरा मामला ?
दरअसल, प्राथमिक शाला बहेरामुड़ा में अनुदान प्राप्त विद्यामंदिर प्राइमरी स्कूल संचालित है। जहां सीएस राज सहायक शिक्षक के पद पर कार्यरत हैं। शिक्षक सीएस राज शुक्रवार को शराब के नशे में स्कूल पहुंचे। इस दौरान एक युवक ने उनका वीडियो बना लिया।
वीडियो में शिक्षक खुद शराब पीकर स्कूल आने की बात स्वीकार कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि 10 महीने से वेतन नहीं दिया जा रहा है। शिक्षक ने बार-बार वेतन नहीं मिलने की बात कही। इसी दौरान वीडियो में वे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के खिलाफ कथित आपत्तिजनक टिप्पणी करते हुए अभद्र और अमर्यादित भाषा का इस्तेमाल करने लगे।
शिक्षक विद्यामंदिर प्राइमरी स्कूल में पदस्थ है।
नशे में स्कूल पहुंचने की शिकायत, शुरुआती जांच में पुष्टि
जिला शिक्षा अधिकारी संदीप पांडेय ने वायरल वीडियो की जांच कराई। इसके बाद स्कूल प्रबंधन को आदेश जारी किया गया। आदेश के मुताबिक शिक्षक के खिलाफ मिली शिकायत, शुरुआती जांच रिपोर्ट और वायरल वीडियो के आधार पर 3 अक्टूबर को स्कूल समय में शराब के नशे में स्कूल परिसर में अभद्र और अमर्यादित व्यवहार करने की पुष्टि हुई है।
शासकीय हाईस्कूल बहेरामुड़ा के प्राचार्य और संकुल शैक्षणिक समन्वयक की रिपोर्ट में शिक्षक पर प्रधानमंत्री के संबंध में आपत्तिजनक और अमर्यादित भाषा के इस्तेमाल का भी जिक्र है।
सस्पेंड कर 24 घंटे में रिपोर्ट देने का आदेश
जिला शिक्षा अधिकारी ने स्कूल प्रबंध समिति के अध्यक्ष और सचिव को शिक्षक सीएस राज को तत्काल निलंबित करने के निर्देश दिए हैं। साथ ही 24 घंटे के भीतर कार्रवाई की रिपोर्ट पेश करने को कहा है। आदेश में कहा गया है कि शिक्षक का आचरण शिक्षक की गरिमा और शासकीय आचरण के खिलाफ है।
इससे शिक्षण संस्था की प्रतिष्ठा भी प्रभावित हुई है। स्कूल का प्रबंधन प्रबंध समिति के अधीन है। इसलिए समिति को अनुदान प्राप्त संस्थाओं के नियमों और शासकीय प्रावधानों के तहत कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए हैं।
10 महीने से वेतन नहीं मिलने का दावा
वायरल वीडियो में शिक्षक ने 10 महीने से वेतन नहीं मिलने की बात कही है। हालांकि, वेतन लंबित होने की वजह अभी स्पष्ट नहीं है। विभागीय स्तर पर इस दावे की भी जांच जरूरी है कि वेतन कब से लंबित है और भुगतान नहीं होने का कारण क्या है।
………………..
इससे जुड़ी यह खबर भी पढ़िए…
नशे में टल्ली होकर स्कूल पहुंचा टीचर, VIDEO: बोला- मुझे सस्पेंड कर दो, घर बैठकर लूंगा आधी सैलरी; शराब पीना मेरा आपसी मामला
धमतरी में नशे में धुत होकर टीचर स्कूल पहुंचा, बड़बड़ाता रहा।
छत्तीसगढ़ के धमतरी जिले में एक टीचर शराब के नशे में धुत होकर स्कूल पहुंचा और खुलेआम खुद को सस्पेंड करने की मांग करने लगा। वायरल वीडियो में वह कहता नजर आ रहा है- “मुझे सस्पेंड कर दो, मैं सस्पेंड होना चाहता हूं। आधा वेतन मिलेगा तो घर में बैठकर ही नौकरी करूंगा।” पढ़ें पूरी खबर…