‘उड़ता तीर’ने हिंदी बॉक्स ऑफिस पर पहले दिन गजब उछल-कूद मचाई है। इसने शुक्रवार को अजय देवगन की ‘दृश्यम 3’ से लेकर रजनीकांत की ‘जेलर 2’ तक को पीछे छोड़ दिया है। जबकि ‘नई नवेली’, ‘प्रहार’, ‘तू है मेरी किरण’, ‘तुम मेरे हो’, ‘दूसरा’ और ‘पहला प्यार दूसरी बार’, जैसी फिल्में पस्त नजर आई हैं।
हिंदी सिनेमाघरों में इस वक्त पहले से ही ‘दृश्यम 3’ और ‘जेलर 2’ का दबदबा है। ऐसे में आयुष्मान की फिल्म के पहले दिन के शोज की संख्या पर असर पड़ा है। हालांकि, बावजूद इसके इसने अच्छा प्रदर्शन किया है। शुक्रवार को रिलीज के 22वें दिन ‘दृश्यम 3: द कन्क्लूजन’ ने ₹1.40 करोड़ की नेट कमाई की है। रिलीज के 8वें दिन ‘नई नवेली’ ने ₹60 लाख और जोड़े हैं। जबकि राज कुमार राव की ‘प्रहार’ ने भी ₹60 लाख का बिजनस किया। रजनीकांत की ‘जेलर 2’ ने 9वें दिन अपने हिंदी डब वर्जन से ₹1.75 करोड़ की कमाई की है।
‘उड़ता तीर’ बॉक्स ऑफिस कलेक्शन
Sacnilk के मुताबिक, ‘उड़ता तीर’ ने पहले दिन देश में 6265 शोज से ₹4.10 करोड़ की नेट कमाई की। जबकि ₹4.83 करोड़ का ग्रॉस बिजनस किया है। शुक्रवार को 187,849 फुटफॉल दर्ज किया है। औसतन हर शो में दिनभर 15.65% सीटों पर दर्शक नजर आए हैं, जो रात के शोज में सबसे अधिक 25.00% रहे।
‘दृश्यम 3’ बॉक्स ऑफिस कलेक्शन
दूसरी ओर, अजय देवगन की ब्लॉकबस्टर साबित हो चुकी ‘दृश्यम 3: द कन्क्लूजन’ को 22वें दिन झटका लगा है। एक दिन पहले ₹2.10 करोड़ कमाने के बाद शुक्रवार को इसने ₹1.40 करोड़ का नेट कलेक्शन किया है। ₹130 करोड़ के बजट में बनी यह फिल्म अब तक देश में ₹435.20 करोड़ का ग्रॉस कलेक्शन और ₹363.25 करोड़ का नेट कलेक्शन कर चुकी है। विदेशों में यह फिल्म धूम मचा रही है और 22 दिनों में ₹129.75 करोड़ का ग्रॉस कारोबार कर चुकी है। इस तरह देश और दुनिया मिलाकर ‘दृश्यम 3’ ने वर्ल्डवाइड ₹564.95 करोड़ का ग्रॉस कलेक्शन कर लिया है।
‘तू है मेरी किरण’, ‘तुम मेरे हो’, ‘पहला प्यार दूसरी बार’ पहले दिन पस्त
शुक्रवार को रिलीज बाकी फिल्मों की बात करें तो नए कलाकारों से सजी ‘पहला प्यार दूसरी बार’ ने 2136 शो में ₹50 लाख का नेट कलेक्शन किया है। गुरमीत चौधरी और ईशा मालवीय की फिल्म ‘तुम मेरे हो’ ने ₹20 लाख कमाए हैं। सोनाक्षी सिन्हा और जहीर इकबाल की ‘तू है मेरी किरण’ ने ₹15 लाख का नेट बिजनस किया है। जबकि स्पोर्ट्स ड्रामा ‘दूसरा’ ने महज ₹01 लाख की कमाई की है।
बॉक्स ऑफिस कलेक्शन रिपोर्ट (शुक्रवार, 23 अक्टूबर)
- उड़ता तीर – ₹4.10 करोड़
- जेलर 2 – ₹1.75 करोड़ (हिंदी डब वर्जन)
- दृश्यम 3 – ₹1.40 करोड़
- नई नवेली – ₹60 लाख
- प्रहार – ₹60 लाख
- पहला प्यार दूसरी बार – ₹50 लाख
- तुम मेरे हो – ₹20 लाख
- तू है मेरी किरण – ₹15 लाख
- दूसरा – ₹01 लाख
आयुष्मान की पिछली तीन रिलीज से अधिक कमाई
आकाश ए कौशिक के डायरेक्शन में बनी ‘उड़ता तीर’ दर्शकों को हंसा रही है। फिल्म को अच्छे रिव्यूज मिल रहे हैं। ऐसे में वीकेंड में अब इसकी कमाई बढ़ने के आसार हैं। अच्छी बात यह भी है फिल्म का बजट सिर्फ ₹65 करोड़ है। ऐसे में यदि इस त्योहारी माहौल में यह अपनी औसत चाल से भी कमाई करे तो हिट-सुपरहिट बन सकती है। आयुष्मान खुराना की पिछली फिल्म ‘पति पत्नी और वो दो’ ने पहले दिन ₹4.00 करोड़ कमाए थे। जबकि उससे पहले आई ‘एन एक्शन हीरोद्ध ने ओपनिंग डे पर ₹1.31 करोड़ का बिजनस किया था। रकुल प्रीत सिंह के साथ उनकी ‘डॉक्टर जी’ ने ओपनिंग डे पर ₹3.87 करोड़ कमाए थे।
आयुष्मान खुराना की टॉप-5 ओपनिंग फिल्में
- थामा (2025): ₹24.00 करोड़
- ड्रीम गर्ल 2 (2023): ₹10.69 करोड़
- बाला (2019): ₹10.15 करोड़
- ड्रीम गर्ल (2019): ₹10.05 करोड़
- शुभ मंगल ज्यादा सावधान (2020): ₹9.55 करोड़
पहले दिन आयुष्मान खुराना की सबसे अधिक कमाई करने वाली फिल्में
‘उड़ता तीर’ की शुरुआत औसत है। यह न तो बहुत अच्छी और और न ही बहुत बुरी। लेकिन जिस तरह से रिव्यूज आ रहे हैं, इससे आगे उम्मीदें जरूर हैं। जहां तक पहले दिन आयुष्मान खुराना की सबसे अधिक कमाई करने वाली फिल्मों की बात है, तो इस लिस्ट में ‘उड़ता तीर’ काफी पीछे है। बीते साल रिलीज ‘थामा’ (₹24.00 करोड़) इस लिस्ट में टॉप पर है। जबकि टॉप-5 में 5वीं फिल्म ‘शुभ मंगल ज्यादा सावधान’ ने भी इस नई रिलीज से दोगुनी कमाई की थी।