Kerala’s Premium Bus Viral Video: बस का सफर कुछ लोगों को बिल्कुल अच्छा नहीं लगता है, उनकी छोटी सीटों पर ठीक से बैठा नहीं जाता है. अजीब से बदबू आती है और साफ-सफाई भी नहीं होती है. लेकिन केरल में अब बस का सफर सिर्फ एक जगह से दूसरी जगह पहुंचने तक सीमित नहीं रह गया है. यहां एक ऐसी बिजनेस क्लास बस सेवा शुरू की गई है, जिसमें यात्रियों को प्लेन जैसी सुविधाएं देने की कोशिश की गई है. इस बस के अंदर का नजारा देखकर आप चौंक जाएंगे, इस बस के वीडियो सोशल मीडिया पर खूब वायरल हो रहे हैं और लोगों का ध्यान अपनी तरफ खींच रहे हैं.
इस बस में लोगों के लिए आरामदायक सीटों से लेकर स्क्रीन, वाई-फाई ही नहीं बल्कि ऑनबोर्ड होस्टेस तक मौजूद है. मगर बस में बैठने के बाद आप खुद को यह सवाल पूछने से रोक नहीं पाएंगे कि यह बस है या प्लेन. अभी तक आपने सिर्फ प्लेन और रॉयल ट्रेनों में ही ऑनबोर्ड होस्टेस देखी होगी, लेकिन अब बस में भी यह फैसिलिटी मिल रही है जो अपने आप में ही बहुत शॉकिंग है.
फ्लाइट जैसी सुविधाओं वाली बस
केरल स्टेट रोड ट्रांसपोर्ट कॉरपोरेशन (KSRTC) की यह प्रीमियम बस इन दिनों सोशल मीडिया पर चर्चा में है. इंस्टाग्राम पर एक यूजर ने बस के अंदर का वीडियो शेयर किया, जिसमें इसकी सुविधाओं की झलक देखने को मिली. बस में यात्रियों के लिए 36 प्रीमियम रिक्लाइनिंग सीटें हैं. हर सीट के साथ अलग एंटरटेनमेंट स्क्रीन दी गई है, जिससे सफर के दौरान लोग एंटरटेनमेंट का भी पूरा मजा ले सकते हैं. इसके अलावा बस में यूएसबी चार्जिंग पोर्ट और फ्री वाई-फाई की सुविधा भी मिलती है.
बस में होस्टेस भी करती हैं सेवा
इस बस की सबसे खास बात इसका ऑनबोर्ड स्टाफ है. वीडियो में एक होस्टेस सभी यात्रियों को स्नैक्स और ड्रिंक्स सर्व करती नजर आईं. यह अंदाज बिल्कुल फ्लाइट में मिलने वाली सर्विस जैसा लगता है. बस में एक पैंट्री सिस्टम भी मौजूद है, जिसमें मिनी फ्रिज और कॉफी मेकर लगाया गया है. इतना ही नहीं, यात्रियों की सुविधा के लिए बस में अटैच वॉशरूम भी दिया गया है.
तिरुवनंतपुरम से कोच्चि तक चलेगी बस
KSRTC की यह बिजनेस क्लास बस तिरुवनंतपुरम और एर्नाकुलम (कोच्चि) के बीच चलती है. इस रूट की दूरी लगभग 200 से 227 किलोमीटर के बीच है. शेड्यूल के मुताबिक बस सुबह 5:30 बजे तिरुवनंतपुरम से रवाना होती है और करीब 9:30 बजे एर्नाकुलम पहुंचती है.
रास्ते में यह कोल्लम अयाथिल, अलप्पुझा कोमाडी और हाई कोर्ट जैसे प्रमुख स्टॉप से गुजरती है. वहीं एर्नाकुलम से बस शाम 5:30 बजे चलकर रात 9:30 बजे तिरुवनंतपुरम पहुंचती है. हालांकि शनिवार-रविवार यह बस फिलहाल नहीं चलती है. इस तरह यह उन लोगोंं के लिए बहुत फायदेमंद है, जो इन जगहों पर ऑफिस या किसी काम से रोजाना जाते हैं.
कितना है टिकट का किराया?
तिरुवनंतपुरम से एर्नाकुलम के लिए इस बिजनेस क्लास बस का टिकट 671 रुपये रखा गया है. टिकट ऑनलाइन KSRTC Swift की बुकिंग सुविधा के जरिए रिजर्व किया जा सकता है. इसके अलावा यात्री WhatsApp के जरिए भी बुकिंग कर सकते हैं. बुकिंग के दौरान यात्री अपनी यात्रा की तारीख, रूट, बस सेवा और सीट भी बुक कर सकते हैं.
—- समाप्त —-