अंबाला। राजस्व विभाग के नए सॉफ्टवेयर में लगातार आ रही तकनीकी खामियों के विरोध में अंबाला के करीब 90 पटवारी दो दिवसीय हड़ताल पर चले गए हैं। पटवारियों के सामूहिक अवकाश पर रहने के कारण अंबाला छावनी के पटवारखाने में दिनभर ताले लटके रहे। सुबह से शाम तक अपने जरूरी राजस्व संबंधी कार्यों के लिए पहुंचे लोगों को बैरंग लौटना पड़ा।
विरासत इंतकाल दर्ज कराने और ऑनलाइन इंतकाल चढ़वाने पहुंचे लोग सबसे अधिक परेशान रहे। अंबाला छावनी, अंबाला सिटी, बराड़ा और नारायणगढ़ तहसील के पटवारखानों के अलावा साहा और शहजादपुर उपतहसील के पटवारखानों में भी लोग अपने काम करवाने के लिए पहुंचते रहे।
कई आवेदकों ने बताया कि वे दो से दस महीने से राजस्व संबंधी कार्यों के लिए पटवारखाने के चक्कर काट रहे हैं, लेकिन अब हड़ताल के कारण काम पूरी तरह ठप हो गया है। एक पिता अपनी बेटी के मूल निवास प्रमाण पत्र पर पटवारी के हस्ताक्षर करवाने के लिए पटवारखाने के बाहर भटकता रहा।
किराया खर्च कर आया, पटवारी नहीं मिला
फोटो : 25
गांव मंगलई निवासी हरभजन ने बताया कि वह इंतकाल करवाने के लिए पटवारी के पास आया था। यहां पहुंचने पर पता चला कि पटवारी दो दिन की हड़ताल पर हैं। उन्होंने बताया कि वह किराया खर्च कर बड़ी मुश्किल से यहां पहुंचे थे। अब काम नहीं होने के कारण दोबारा आने पर फिर किराया खर्च करना पड़ेगा।
पड़ोसी का हुआ इंतकाल, मेरा काम अटका
फोटो : 26
गणेश विहार निवासी पवन सिंह ने बताया कि उन्हें अपनी जमीन का इंतकाल करवाना है। पटवारी की ओर से सॉफ्टवेयर में तकनीकी समस्या होने की बात कही जा रही है। उनका कहना है कि जब उनके पड़ोसी की जमीन का इंतकाल हो गया तो उनका काम क्यों नहीं हो रहा। वह पिछले दो महीने से परेशान होकर पटवारखाने के चक्कर काट रहे हैं।
दस महीने से विरासत इंतकाल का इंतजार
फोटो : 27
रामगढ़ माजरा निवासी 72 वर्षीय काका सिंह ने बताया कि उन्हें अपनी विरासत का इंतकाल करवाना है। वह पिछले दस महीने से पटवारखाने के चक्कर काट रहे हैं। बुधवार को भी काम की उम्मीद में पहुंचे, लेकिन पटवारखाने पर ताला लटका मिला।
बेटी के मूल निवास प्रमाण पत्र पर नहीं हो सके हस्ताक्षर
फोटो : 28
दुखेड़ी निवासी सुदेश ने बताया कि उन्हें अपनी बेटी के मूल निवास प्रमाण पत्र पर पटवारी के हस्ताक्षर करवाने थे। इसके लिए वह पटवारखाने पहुंचे, लेकिन पटवारी हड़ताल पर होने के कारण काम नहीं हो सका। उन्होंने बताया कि वह करीब एक घंटे से परेशान होकर पटवारखाने के बाहर इंतजार करते रहे।
वर्जन
पटवारियों की दो दिन की हड़ताल के कारण अंबाला छावनी तहसील स्थित पटवारखाने में काम के लिए आए लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा।
आशीष, नायब तहसीलदार, अंबाला छावनी।

अंबाला छावनी के पटवारखाने में परेशान होते लोग। संवाद

अंबाला छावनी के पटवारखाने में परेशान होते लोग। संवाद

अंबाला छावनी के पटवारखाने में परेशान होते लोग। संवाद

अंबाला छावनी के पटवारखाने में परेशान होते लोग। संवाद

अंबाला छावनी के पटवारखाने में परेशान होते लोग। संवाद









