CG Morning News : CM साय का आज दो जिलों का दौरा… महिला आयोग में होगी जनसुनवाई… रायपुर की चरमराई सफाई व्यवस्था के खिलाफ होगा प्रदर्शन… पढ़ें और भी खबरें


CG Morning News : रायपुर. मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय आज सूरजपुर और बलरामपुर-रामानुजगंज जिले के दौरे पर रहेंगे. मुख्यमंत्री सुबह 11 बजे मुख्यमंत्री निवास से रवाना होंगे और दोपहर 12:20 बजे सूरजपुर जिले के प्रेमनगर स्थित मिडिल स्कूल मैदान पहुंचेंगे. यहां वे विकास कार्यों का लोकार्पण और शिलान्यास करेंगे. दोपहर 12:20 से 1:20 बजे तक आमसभा का कार्यक्रम होगा. इसके बाद दोपहर 2:40 बजे बलरामपुर जिले के जशवंतपुर में स्वर्गीय लरंग साय की प्रतिमा का अनावरण करेंगे और विकास कार्यों का लोकार्पण-शिलान्यास करेंगे. मुख्यमंत्री शाम 4:30 बजे जशपुर जिले के बगीचा स्थित अपने निवास पहुंचेंगे.

‘अर्नब’ को लेकर रेलवे अलर्ट

रायपुर. चक्रवाती तूफान ‘अर्नब’ के संभावित असर से छत्तीसगढ़ में भारी बारिश और तेज हवाओं की आशंका है. मौसम विभाग ने 28 और 29 अक्टूबर को खराब मौसम का अलर्ट जारी किया है. इसे देखते हुए रेलवे ने यात्रियों के लिए एडवाइजरी जारी की है. यात्रियों से अपील की गई है कि यात्रा से पहले अपनी ट्रेन की स्थिति की जांच करें, पर्याप्त समय लेकर स्टेशन पहुंचें और मौसम व रेल परिचालन से जुड़ी जानकारी के लिए आधिकारिक माध्यमों का उपयोग करें.

महिला आयोग में जनसुनवाई आज और कल

रायपुर. छत्तीसगढ़ राज्य महिला आयोग द्वारा महिलाओं से जुड़े प्रकरणों की सुनवाई के लिए 28 एवं 29 अक्टूबर को रायपुर में जनसुनवाई आयोजित की जाएगी. आयोग की अध्यक्ष ममता साहू के नेतृत्व में आयोग के अन्य सदस्य भी सुनवाई में शामिल होंगे. जनसुनवाई का उद्देश्य पीड़ित महिलाओं को अपनी समस्याएं आयोग के समक्ष रखने का अवसर देना और उन्हें त्वरित न्याय दिलाने की दिशा में पहल करना है.

हॉकी लीग में सेमीफाइनल में न्यायधानी नाइट्स 

रायपुर. छत्तीसगढ़ हॉकी लीग में मंगलवार को संस्कारधानी स्ट्राइकर्स ने राजधानी रॉयल्स को 4-2 से हराकर पहली जीत दर्ज की. वहीं न्यायधानी नाइट्स और चक्रधर चैंपियंस के बीच मुकाबला 4-4 से ड्रॉ रहा. हालांकि, पॉइंट्स टेबल में शीर्ष पर रहने के कारण न्यायधानी नाइट्स ने सेमीफाइनल में जगह बना ली. बुधवार को न्यायधानी नाइट्स और मैनपाट टाइटंस के बीच पहला मुकाबला होगा, जबकि दूसरा मुकाबला राजधानी रॉयल्स और बैलाडीला बुल्स के बीच खेला जाएगा.

कैशलेस चिकित्सा सुविधा को मंजूरी, मंत्रालय कर्मचारी संघ ने जताया आभार

रायपुर. छत्तीसगढ़ के शासकीय कर्मचारियों और उनके आश्रित परिवारजनों को कैशलेस चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने के प्रस्ताव को राज्य मंत्रिपरिषद की मंजूरी मिलने पर मंत्रालय कर्मचारी संघ ने प्रसन्नता व्यक्त की है. संघ ने इस निर्णय का स्वागत करते हुए मुख्यमंत्री विष्णु देव साय, वित्त मंत्री ओ.पी. चौधरी और स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल के प्रति आभार व्यक्त किया है.

JCCJ करेगी रायपुर की चरमराई सफाई व्यवस्था के खिलाफ प्रदर्शन

रायपुर. रायपुर शहर में लगातार चरमराती सफाई व्यवस्था, जगह-जगह लगे कचरे के ढेर तथा नियमित साफ-सफाई के अभाव को लेकर जनता कांग्रेस छत्तीसगढ़ (जे) युवा प्रकोष्ठ द्वारा शासन-प्रशासन का ध्यान आकर्षित करने के लिए 28 अक्टूबर को दोपहर 12 बजे शांतिपूर्ण धरना-प्रदर्शन किया जाएगा. युवा प्रकोष्ठ के प्रदेश संयोजक नवीन अग्रवाल ने कहा कि राजधानी रायपुर को स्वच्छ एवं सुंदर शहर बनाने के दावे किए जाते हैं, लेकिन शहर के अनेक इलाकों में कचरे के ढेर, गंदगी और नियमित सफाई के अभाव की स्थिति चिंताजनक है.

Lalluram.Com के व्हाट्सएप चैनल को Follow करना न भूलें.
https://whatsapp.com/channel/0029Va9ikmL6RGJ8hkYEFC2H



Source link

Related posts

Haryana Morning News : 12,000 करोड़ के निवेश प्रस्ताव, केंद्र से बुलाए जाएंगे 4 IAS अधिकारी, हरियाणा में लगेंगे 10 नए ऑटोमेटिक वेदर स्टेशन, समेत पढ़े सुबह की बड़ी खबरें…

Morning News Brief: महाचक्रवात अर्नब आंध्रप्रदेश में तट से टकराया; पीएम मोदी बोलें- विकसित भारत की नींव वैज्ञानिक खोज पर टिकी

MP Morning News: इंदौर और शाजापुर दौरे पर रहेंगे CM डॉ मोहन यादव, अर्बन ग्रोथ कांक्लेव 2026 का आयोजन, मुख्यमंत्री करेंगे संवाद, ई-विधानसभा पर ट्रेनिंग प्रोग्राम, विधायकों का प्रशिक्षण सत्र आज से होगा शुरू