सोशल मीडिया पर सामने आया वीडियो, लोगों ने जांच और उचित निस्तारण की उठाई मांग
बरसात में नाले का प्रवाह और पानी की निकासी प्रभावित होने की जताई आशंका
संवाद न्यूज एजेंसी
सुल्तानपुर (चंबा)। शहर के सुल्तानपुर वार्ड में नाले में कूड़ा डालने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद मामला चर्चा में आ गया है। वीडियो में नाले के समीप कूड़ा डाले जाने की तस्वीरें सामने आ रही हैं। वीडियो वायरल होने के बाद स्थानीय लोगों में इसे लेकर तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गई हैं।
लोगों का कहना है कि यदि नाले में कूड़ा डाला जा रहा है तो इससे नाले के प्रवाह में बाधा आने के साथ आसपास गंदगी और दुर्गंध फैल सकती है। बरसात के दौरान कूड़ा जमा होने से पानी की निकासी प्रभावित होने की आशंका भी बनी रहती है। स्थानीय लोगों ने वायरल वीडियो के आधार पर मामले की जांच करवाने की मांग की है। साथ ही यह पता लगाने की मांग की है कि नाले में कूड़ा किसके द्वारा और किन परिस्थितियों में डाला जा रहा है।
लोगों ने कहा कि शहर को स्वच्छ रखने के लिए कूड़े के उचित निस्तारण की व्यवस्था सुनिश्चित की जानी चाहिए। वहीं, नगर परिषद की कार्यकारी अधिकारी राखी कौशल ने बताया कि मामला ध्यान में लाया गया है। इसकी जांच की जाएगी।
—