दिल्ली की लाइफलाइन कही जाने वाली मेट्रो… जहां पांव रखने की जगह नहीं मिलती, पीक आवर्स में धक्का-मुक्की आम बात है, और लोग सीट पाने के लिए जंग लड़ते नजर आते हैं. लेकिन जरा सोचिए, अगर वही मेट्रो अचानक बिल्कुल खाली नजर आने लगे, तो क्या होगा? सोशल मीडिया पर ऐसा ही एक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है, जिसने दिल्लीवालों के होश उड़ा दिए हैं और चर्चाओं का बाजार गर्म कर दिया है.
क्या है पूरा मामला?
दरअसल राजधानी दिल्ली के जंतर-मंतर पर कॉकरोच जनता पार्टी ने शनिवार को बड़े विरोध प्रदर्शन करने का ऐलान किया था. ऐसे में सुरक्षा और कानून-व्यवस्था के मद्देनजर दिल्ली पुलिस ने एहतियात के तौर पर शहरभर के 45 मेट्रो स्टेशनों के एंट्री और एग्जिट गेट को अस्थायी रूप से बंद करने का अनुरोध किया था. मकसद साफ था- संवेदनशील इलाकों में भारी भीड़ जुटने से रोकना.
इस वीडियो को CJP के प्रदर्शन और सुरक्षा व्यवस्था से जोड़कर देखा जा रहा है. हालांकि यह वीडियो कब और किस स्टेशन पर शूट किया गया इसकी स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं की सकी है.
45 मेट्रो स्टेशन रात 10 बजे तक बंद
इन स्टेशनों में जनपथ, पटेल चौक, केंद्रीय सचिवालय, लोक कल्याण मार्ग, राजीव चौक, नयी दिल्ली, सेवा तीर्थ, मंडी हाउस, बाराखंभा रोड, आईटीओ, दिल्ली गेट, खान मार्केट, रामकृष्ण आश्रम मार्ग, झंडेवालान, सुप्रीम कोर्ट, इंद्रप्रस्थ और शिवाजी स्टेडियम शामिल हैं. इसके अलावा दिल्ली हाट-आईएनए, हौज खास, जोर बाग, लाजपत नगर, जंगपुरा, आश्रम, जामिया मिल्लिया इस्लामिया, चावड़ी बाजार, जामा मस्जिद, करोल बाग, राजेंद्र प्लेस, विश्वविद्यालय, कश्मीरी गेट, इंद्रलोक, गुरु तेग बहादुर नगर, नेताजी सुभाष प्लेस, आजादपुर, जहांगीरपुरी, हैदरपुर बादली मोड़ और मजलिस पार्क स्टेशनों पर भी एंट्री एग्जिट बंद रख गया है. इस लिस्ट में सीलमपुर, मौजपुर-बाबरपुर, जाफराबाद, वेलकम, यमुना विहार, खजूरी खास, शाहदरा और रिठाला स्टेशन भी शामिल हैं.