-सिर और गले पर चोट के निशान, हत्या की आशंका, सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस
संवाद न्यूज एजेंसी
नई दिल्ली। बाहरी दिल्ली के नरेला इलाके में कस्तूरी राम पब्लिक स्कूल के सामने सुबह करीब 30 वर्षीय युवक का शव मिलने से सनसनी फैल गई। पहचान बालाजी अपार्टमेंट, पॉकेट-4 निवासी हरपाल के रूप में हुई है। उसके सिर और गले पर चोट के निशान मिले हैं। ऐसे में पुलिस हत्या समेत अन्य सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है। हालांकि, मौत की सही वजह पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट होगी। जानकारी के मुताबिक, हरपाल नरेला इंडस्ट्रियल एरिया स्थित एक कंपनी में काम करता था। वह रात की ड्यूटी करने के लिए घर से निकला था, लेकिन इसके बाद वापस नहीं लौटा। परिवार के लोग उसकी तलाश कर रहे थे। इसी दौरान कस्तूरी राम पब्लिक स्कूल के सामने उसका शव मिलने की सूचना मिली। खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। सूचना मिलने पर नरेला थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण करने के बाद शव को कब्जे में लेकर राजा हरिश्चंद्र अस्पताल की मोर्चरी में भेज दिया। पुलिस ने घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू की है।