इटावा। नवंबर के अंतिम दिनों में मौसम का मिजाज बदलने लगा है। दिन में तेज धूप निकलने से लोगों को हल्की गर्माहट का एहसास होगा, जबकि सुबह और रात के समय ठंडक बढ़ेगी। मौसम पूर्वानुमान के अनुसार 21 नवंबर को जिले में मौसम साफ और शुष्क रहने की संभावना है। आसमान साफ रहने से दिन में धूप खिलेगी, वहीं देर रात और सुबह के समय हल्की धुंध छाने के आसार हैं।
वरिष्ठ मौसम विशेषज्ञ डॉ. एसएन सुनील पांडेय ने बताया कि मौसम के पूर्वानुमान के मुताबिक शनिवार को जिले में अधिकतम तापमान 26 से 27 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 13 से 14 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने की संभावना है। दिन में धूप निकलने से मौसम सुहावना रहेगा, लेकिन सुबह घरों से निकलने वालों को हल्की ठंड का सामना करना पड़ सकता है।
रात में भी तापमान कम रहने से ठंडक का एहसास होगा। उन्होंने बताया कि हवा की दिशा में बदलाव के चलते रात के तापमान में हल्की बढ़ोतरी होने की संभावना है। हालांकि सुबह के समय ओस और हल्की धुंध का असर देखने को मिल सकता है। इसका असर खासकर सुबह जल्दी सफर करने वाले लोगों को महसूस होगा। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार जिले में फिलहाल बारिश की कोई संभावना नहीं है।