नई दिल्ली. बॉलीवुड में 2026 की कहानी सिर्फ नई फिल्मों की नहीं, बल्कि पुरानी हिट कहानियों की वापसी की भी है. इस साल बड़े पर्दे पर ऐसे कई सीक्वल उतरे, जिनसे दर्शकों को पहले से उम्मीदें थीं. ‘बॉर्डर 2’ की देशभक्ति, ‘धुरंधर: द रिवेंज’ का एक्शन और ‘दृश्यम 3’ का सस्पेंस, हर फ्रेंचाइजी अपने अलग अंदाज में दर्शकों को लुभाने की कोशिश कर रही है. इसके अलावा ‘धमाल 4’, ‘आवारापन 2’, ‘वेलकम टू द जंगल’ और ‘कॉकटेल 2’ जैसी फिल्मों ने भी इस ट्रेंड को हवा दी है. आखिर निर्माता बार-बार जानी-पहचानी कहानियों पर भरोसा क्यों जता रहे हैं? क्या दर्शकों का पुराने किरदारों से इमोशनल जुड़ाव इसकी सबसे बड़ी वजह है? या फिर सीक्वल के पीछे बॉक्स ऑफिस का गणित भी छिपा है? 2026 का यह ट्रेंड इन सवालों के जवाब तलाशने का मौका दे रहा है. क्योंकि इन 9 महीनों में फ्रेंचाइजी फिल्मों का राज देखने को मिला है.
अजय देवगन की ‘दृश्यम 3: द कन्क्लूजन’ इस साल की सफल फ्रेंचाइजी फिल्मों में शामिल है. फिल्म में एक बार फिर विजय सलगांवकर के किरदार में नजर आए हैं. इसके साथ तब्बू, श्रेया सरन, जयदीप अहलावत और दूसरे कलाकार भी शानदार रोल्स में हैं. फिल्म का निर्देशन अभिषेक पाठक ने किया है. सैकनिल्क के आंकड़ों के मुताबिक, फिल्म ने रिलीज के 11वें दिन यानी 12 अक्टूबर को भारत में 6.25 करोड़ रुपये का नेट कलेक्शन किया. फाइल फोटो.
इसके साथ भारत में ‘दृश्यम 3’ की कुल नेट कमाई 315.25 करोड़ रुपये और ग्रॉस कलेक्शन 378.24 करोड़ रुपये हो गया. विदेशों में फिल्म ने 111.50 करोड़ रुपये कमाए, जिससे इसका वर्ल्डवाइड ग्रॉस कलेक्शन 489.74 करोड़ रुपये तक पहुंच गया. हालांकि, 11वें दिन इसकी कमाई में पिछले दिन के मुकाबले 72.2 फीसदी की गिरावट जरूर है लेकिन मेकर्स ने लागत से ज्यादा की कमाई कर ली है. फाइल फोटो.
Add News18 as
Preferred Source on Google
साल की शुरुआत सनी देओल की ‘बॉर्डर 2’ से हुई, जिसने देशभक्ति और युद्ध की पृष्ठभूमि वाली कहानी के जरिए दर्शकों का ध्यान खींचा. फिल्म में सनी देओल के साथ वरुण धवन, दिलजीत दोसांझ और अहान शेट्टी भी नजर आए. सैकनिल्क के आंकड़ों की मानें तो फिल्म ने भारत में 357.44 करोड़ और वर्ल्डवाइड कलेक्शन 482.01 करोड़ रुपये रहा. फिल्म का बजट 275 करोड़ रुपये था.
इसके बाद फ्रेंचाइजी फिल्मों में ‘धुरंधर: द रिवेंज’ रिलीज हुई. मार्च 2026 में रिलीज हुई इस फिल्म से जैसे उम्मीद थी, ठीक वैसा ही रिजल्ट भी सामने आया. फिल्म ने रिलीज होते ही तहलका मचा दिया. फिल्म ने भारत में 1,186 करोड़ रुपये से ज्यादा का कलेक्शन किया. फ्रेंचाइजी फिल्मों की कमाई के मामले में इसने ‘बॉर्डर 2’ को कड़ी टक्कर दी.
‘कॉकटेल 2’ साल 2026 में रिलीज हुई रोमांटिक कॉमेडी फ्रेंचाइजी की दूसरी फिल्म है. शाहिद कपूर, कृति सेनन और रश्मिका मंदाना स्टारर यह फिल्म 19 जून 2026 को सिनेमाघरों में आई. बॉक्स ऑफिस रिपोर्ट्स के मुताबिक, फिल्म ने भारत में करीब 94.35 करोड़ रुपये का नेट कलेक्शन किया, जबकि दुनियाभर में इसकी कमाई लगभग 146 करोड़ रुपये तक पहुंची. 2012 में आई ‘कॉकटेल’ के बाद इसके सीक्वल से दर्शकों को काफी उम्मीदें थीं. फिल्म बजट निकालने में सफल रही
‘वेलकम टू द जंगल’ 2026 में रिलीज हुई लोकप्रिय कॉमेडी फ्रेंचाइजी ‘वेलकम’ की तीसरी फिल्म है. इस फ्रेंचाइजी की शुरुआत साल 2007 में आई ‘वेलकम’ से हुई थी, जिसने अपनी कॉमेडी और यादगार किरदारों से दर्शकों का खूब मनोरंजन किया. इसके बाद 2015 में ‘वेलकम बैक’ रिलीज हुई. अब करीब 11 साल बाद फ्रेंचाइजी का अगला हिस्सा ‘वेलकम टू द जंगल’ दर्शकों के सामने आया. 26 जून 2026 को रिलीज हुई इस फिल्म से एक बार फिर कॉमेडी और मनोरंजन की उम्मीदें जुड़ी रहीं. फिल्म को लोगों ने पसंद किया.
‘धमाल 4’ साल 2026 में रिलीज हुई लोकप्रिय कॉमेडी फ्रेंचाइजी ‘धमाल’ की चौथी फिल्म है. इस फ्रेंचाइजी की शुरुआत 2007 में आई फिल्म ‘धमाल’ से हुई थी. इसके बाद ‘डबल धमाल’ (2011) और ‘टोटल धमाल’ (2019) ने दर्शकों को खूब हंसाया. अब 10 जुलाई 2026 को रिलीज हुई ‘धमाल 4’ के जरिए मेकर्स ने एक बार फिर कॉमेडी, अफरा-तफरी और मजेदार किरदारों का तड़का लगाया. पुरानी फ्रेंचाइजी से दर्शकों का जुड़ाव सीक्वल फिल्मों के प्रति बढ़ती दिलचस्पी की एक अहम वजह है.
फ्रेंचाइजी फिल्मों के दबदबे के बीच ‘आवारापन 2’ भी इस साल 14 अगस्त को सिनेमाघरों में रिलीज हुई. इमरान हाशमी की यह फिल्म 2007 में आई ‘आवारापन’ का सीक्वल है, जिससे दर्शकों की पुरानी यादें और भावनाएं जुड़ी हुई थीं. इमरान हाशमी की ये फिल्म 35 से 45 करोड़ में तैयार हुई. फिल्म की कमाई भी धांसू रही. फिल्म ने भारत में 146 करोड़ से ज्यादा की कमाई की. वहीं, दुनियाभर की कमाई पर नजर डाले तो फिल्म ने 215 करोड़ की आंकड़ा पार किया. फिल्म में इमरान हाशमी के साथ दिशा पटानी और शबाना आजमी भी नजर आईं. दमदार ओपनिंग और स्वतंत्रता दिवस की छुट्टी का फायदा फिल्म को मिला, जिससे यह बॉक्स ऑफिस पर सफल साबित हुई.
अब अगर नजर डाले तो ये फॉर्मूला पिछले साल नहीं चल पाया था. पिछले साल ‘वॉर 2’, ‘सन ऑफ सरदार 2’ और ‘बागी 4’ जैसी फिल्मों को दर्शकों का प्यार नहीं मिला. कुछ ने कहानी को बकवास बताया तो किसी ने डायरेक्शन पर सवाल उठाए. पिछले साल फ्लॉप हुए इस फॉर्मूले से मेकर्स ने सीख ली और 2026 में उस गलती को नहीं दोहरा. 2026 ने बॉलीवुड को यह सबक दिया है कि पुरानी पहचान दर्शकों को सिनेमाघरों तक जरूर ला सकती है, लेकिन उन्हें बांधे रखने के लिए दमदार कहानी, अच्छे किरदार और मनोरंजन जरूरी हैं. फाइल फोटो.